23 अवैध दुकानों पर चला एमडीडीए का पंजा
मानकों के खिलाफ किया गया दुकानों का निर्माण
ऋषिकेश। मसूरी देहरादून विकास प्राधिकरण ने ऋषिकेश में एक बार फिर अवैध निर्माणों के खिलाफ कार्यवाही की है। एमडीडीए ने तहसील प्रशासन और पुलिस फोर्स के साथ मिलकर गंगा नगर के गणेश विहार में भरत मंदिर इंटर कॉलेज के स्टेडियम से सटी 23 अवैध दुकानों पर बुलडोजर चलाकर ध्वस्तीकरण किया है।
एमडीडीए के सहायक अभियंता शशांक सक्सेना ने बताया कि दुकान स्वामी द्वारा संबंधित निर्माण का नक्शा पास नहीं कराया गया था। जिसके लिए दुकान मालिकों को सभी दस्तावेज पूर्ण करने समय भी दिया गया था। समय अवधि समाप्त हो जाने के बाद कार्रवाई अमल में लाई गई है। बताया कि शांतिपूर्ण तरीके से सभी अवैध दुकानों का ध्वस्तीकरण किया गया है। मौके पर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक राजेंद्र सिंह खोलिया के नेतृत्व ऋषिकेश, रानी पोखरी और आसपास क्षेत्र का पुलिस बल मौजूद रहा।




