लेटेस्ट खबरें

स्वामी चिदानंद व साध्वी ऋतम्भरा ने प्राकृतिक चिकित्सालय का किया लोकार्पण

शरीर को प्रकृतिस्थ करना प्राकृतिक चिकित्सा : स्वामी

ऋषिकेश। परमार्थ निकेतन के अध्यक्ष स्वामी चिदानन्द सरस्वती एवं साध्वी ऋतम्भरा ने बापू नगर जयपुर में प्राकृतिक चिकित्सालय व स्वामी दयानन्द सरस्वती भवन का लोकार्पण किया।

इस अवसर पर परमार्थ निकेतन के अध्यक्ष स्वामी चिदानन्द सरस्वती ने कहा कि प्राकृतिक चिकित्सा अर्थात् शरीर को प्रकृतिस्थ करना, प्राकृतिक चिकित्सा अर्थात् सम्पूर्ण चिकित्सा, स्वास्थ रहने के लिये प्राकृतिक पदार्थों का उपयोग करना। इसलिए प्रकृति के संपर्क में रहना आवश्यक है, क्योंकि जिन पंचमहाभूतों से शरीर का निर्माण हुआ है उन्हीं पंचमहाभूतों से ही प्राकृतिक पदार्थों का भी निर्माण हुआ है। उन्होंने कहा कि हम अस्वस्थ क्यों होते हैं? जब हमारा अर्थात् हमारे शरीर का प्राकृतिक वातावरण के साथ सामंजस्य नहीं बन पाता इसलिये हमारा शरीर अस्वस्थ हो जाता है। प्राकृतिक चिकित्सा, शरीर व प्रकृति के सामंजस्य का ही नाम है। जितने भी प्राचीन ग्रंथ, भाव प्रकाश निघण्टु, राजनिघण्टु आदि अनेक ग्रंथों में बड़ा ही प्यारा उल्लेख है। अब समय आ गया कि हम प्राकृतिक चिकित्सा को पुनः जागृत करें इससे हमारे औषधीय पौधों का संरक्षण होगा। वर्तमान युवा पीढ़ी को तुलसी, निम्बपत्र, निंबू, नागरमोथा हल्दी आदि की जानकारी प्राप्त होगी। जिससे वह जान पायेंगे कि हमारे आस पास कितनी उपयोगी चीजें है, इसलिये घर-घर तुलसी, नीम व हल्दी का रोपण करें और सेवन करें। कहा कि प्रकृति के सम्पर्क में रहकर ही हमारे ऋषि-मुनि वर्षों तक स्वस्थ व निरोग जीवन अपनाते थे।
स्वामी चिदानंद ने कहा कि स्वस्थ रहने के लिए स्वच्छ जल, शु़द्ध हवा, भरपूर नींद, शाकाहार रहना जरूरी है। साथ ही सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग कम करना होगा। पौधों का रोपण, नदियों का संरक्षण और शाकाहार को ही अपना आहार बनाना होगा। इसके आलावा भोजन को समय से खायें और तीव्रता से न खायें, क्योंकि समय पर भोजन करने से न केवल पाचन तंत्र बेहतर रहता है, बल्कि यह हमारे शरीर की ऊर्जा को भी बनाए रखता है। जल्दी-जल्दी खाने से अक्सर पाचन संबंधी समस्याएं भी हो सकती हैं।यजुर्वेद का शान्ति मंत्र “सहनाववतु सहनौ भुनक्तु” भोजन ग्रहण करने से पहले सभी साथ बैठकर शांत भाव से उच्चारण किया जाता है, ताकि यह भोजन हमारा पालन-पोषण करें, इससे हमारी बुद्धि तेजस्वी हो और एक साथ बैठकर भोजन ग्रहण करने से आपसी राग-द्वेष को भी कम किया जा सकता है।
पर्यटन दिवस के अवसर पर स्वामी चिदानंद ने संदेश दिया कि आध्यात्मिक स्थानों पर जाये तो पर्यटन की दृष्टि से नहीं तीर्थाटन की दृष्टि से जाये। अपने गांवों की यात्रा करें, अपने मूल, मूल्य और जड़ों से जुड़ें रहे, ताकि मेरा गांव, मेरा तीर्थ बने तथा मेरा गांव, मेरी शान बने’ इसके लिये सभी को अपनी जीवनशैली और सोच में बदलाव लाना होगा। अब हमें ग्रीड कल्चर से ग्रीन कल्चर की ओर बढ़ना होगा ग्रीड कल्चर से नीड कल्चर की ओर बढ़ना होगा और नये कल्चर की ओर बढ़ना होगा, ग्रीन विजन को अपनाना होगा तथा प्रकृति के साथ जीना होगा। साध्वी ऋतम्भरा ने कहा कि स्वामी चिदानंद स्वच्छ जल और हमारी नदियाँ स्वच्छ हो इसके लिए अद्भुत कार्य कर रहे हैं।
वहीं परमार्थ निकेतन के आचार्य दीपक शर्मा, गुरूकुल के ऋषिकुमारों, राजस्थान सरकार की तकनीकी और उच्च शिक्षा विभाग की सचिव, वर्तमान सांसद मंजू शर्मा, पूर्व सांसद कुलभुषण बोहरा, मंत्री कुलभुषण बैराठी, विधायक कालीचरण सर्राफ, शीला अग्रवाल, अध्यक्ष आई सी अग्रवाल ने पूज्य संतों और विशिष्ट अतिथियों का अभिनन्दन किया।

Related Articles

Back to top button