लेटेस्ट खबरें

स्वामी चिदानंद ने तृतीय कुम्भ कॉन्क्लेव में विचार किए साझा

कुंभ मेला भारतीय सभ्यता का प्रतीक : स्वामी चिदानंद

प्रयागराज। परमार्थ निकेतन के अध्यक्ष स्वामी चिदानन्द सरस्वती ने प्रयागराज में आयोजित तृतीय कुम्भ कॉन्क्लेव 2024-25 में सहभाग किया। इस दौरान परमार निकेतन के अध्यक्ष स्वामी चिदानंद सरस्वती, केरल के राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान, मध्य प्रदेश के उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल, प्रोफेसर मनोज दीक्षित, अशोक मेहता एवं अन्य विभूतियों ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।

कार्यक्रम में प्रो. मनोज दीक्षित, कुलपति एमजीएसयू और राजुवास बीकानेर द्वारा सभी विशिष्ट अतिथियों का स्वागत स्वागत अभिनन्दन किया। उद्घाटन सत्र में पूर्व उपराष्ट्रपति पद्मविभूषण एम. वेंकैया नायडू और मुख्यमंत्री मध्यप्रदेश मोहन यादव ने ऑनलाइन प्लेटफार्म के माध्यम से कॉन्क्लेव को संबोधित किया। कुम्भ कॉन्क्लेव के प्रथम सत्र में कुम्भ की महत्ता और इसकी सांस्कृतिक धरोहर पर विभूतियों ने प्रकाश डाला गया। वहीं, प्रमुख वक्ता स्वामी चिदानंद सरस्वती, आरिफ मोहम्मद खान और राजेन्द्र शुक्ल ने कुम्भ मेले के अनुभव, आध्यात्मिक महत्ता और धार्मिक विकास के विभिन्न पहलुओं पर अपने विचार साझा किए। साथ ही अतिरिक्त महाधिवक्ता और पूर्व एएसजीआई, अशोक मेहता ने कुम्भ मेले के ऐतिहासिक और कानूनी पहलुओं पर प्रकाश डाला।

केरल के राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान साहब ने कहा कि कुम्भ मेला भारत की धार्मिक और सांस्कृतिक धरोहर का प्रतीक है। यह एक पवित्र स्नान के साथ दिव्य अनुष्ठान भी है। यहां विभिन्न प्रकार की लोक कलाओं, सांस्कृतियों का महासंगम होता है; अलग-अलग मत और विचारधाराओं को मानने वालों के बीच संवाद व सहयोग का दिव्य समिश्रण है। कुम्भ मेला सामाजिक समरसता और समानता का भी प्रतीक है। जो मानवता और प्रेम का संदेश देता है और समाज में आपसी भाईचारे को बढ़ावा देता है। उन्होंने कहा कि कुम्भ मेला भारतीय संस्कृति और आध्यात्मिकता का एक महान उत्सव है जो हमें अपनी जड़ों से जोड़ता है और जीवन के महत्वपूर्ण सिद्धांतों को आत्मसात करने की प्रेरणा देता है।

परमार्थ निकेतन के अध्यक्ष स्वामी चिदानंद सरस्वती ने कहा कि कुम्भ मेला भारतीय सभ्यता की अनंत यात्रा का एक महत्वपूर्ण अध्याय है। भारत अपनी पुरातनता और विविधता के लिए विख्यात है। भारत की धरती एक ऐसी धरती है जिसने अनगिनत सभ्यताओं का उदय और पतन देखा है। भारतीय सभ्यता की यात्रा अत्यंत प्राचीन और गौरवशाली है। यह यात्रा हमें हजारों वर्ष पीछे ले जाती है, जहाँ से संस्कृति, ज्ञान, और आध्यात्मिकता की एक अद्वितीय धारा प्रवाहित हो रही है। कुम्भ मेला भारतीय संस्कृति और सभ्यता का एक अद्वितीय और अनंत यात्रा का प्रतीक है। यह महापर्व अनगिनत वर्षों से भारतीय समाज के आध्यात्मिक, सांस्कृतिक और सामाजिक जीवन का अभिन्न अंग रहा है। उन्होंने कहा कि यह भारतीय संस्कृति, समाज और पर्यावरण के प्रति हमारी जिम्मेदारी को भी उजागर करता है। कुम्भ मेला हमें यह सिखाता है कि हमारी समृद्ध धरोहर और परंपराएँ हमें एक मजबूत और समृद्ध समाज की ओर ले जाती हैं। यह यात्रा अनंत है और इसकी धरोहर सदैव अटूट रहेगी। कहा कि कुम्भ मेला भारतीय संस्कृति का एक अद्वितीय, अनुपम, दिव्य, भव्य और महान पर्व है। भारत के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन और कर्मयोगी मुख्यमंत्री उत्तरप्रदेश योगी आदित्यनाथ के कुशल नेतृत्व में कुम्भ मेला दिव्यता के साथ भव्य व नव्य होने वाला है। इस अवसर पर स्वामी चिदानंद सरस्वती ने केरल के राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान को रुद्राक्ष का दिव्य पौधा भी भेंट किया। इस तृतीय कॉन्क्लेव के सत्र का शुभारम्भ और समापन राष्ट्रीय गान के साथ हुआ। कार्यक्रम का संचालन निदेशक, इंडिया थिंक काउंसिल, श्री सौरभ पांडे द्वारा किया गया।

Related Articles

Back to top button