10 दिसंबर को विशाल जनाक्रोश रैली का आयोजन
हिन्दुओं के उत्पीड़न पर संत समाज में आक्रोश
ऋषिकेश। मानवाधिकार रक्षा मंच, अखिल भारतीय संत समिति, विरक्त वैष्णव मण्डल समिति एवं समस्त हिन्दू संगठन के द्वारा मानवाधिकार की रक्षा के लिए आगामी 10 दिसंबर को श्री भरत मंदिर मैदान से तहसील ऋषिकेश तक विशाल जनाक्रोश रैली का आयोजन किया जाएगा। इसमें सभी समिति एवं संगठन बांग्लादेश में हिंदू एवं अल्पसंख्यकों पर हो रहे हमलों का विरोध करते हुए प्रदर्शन करेंगे। इसके साथ सरकार से बांग्लादेश के गद्दारों द्वारा हिंदुओं पर किए जा रहे अत्याचार बंद करने और इस्कॉन के सन्यासी चिन्मय कृष्ण दास को अन्याय पूर्ण कारावास से मुक्त करने की मांग करेंगे। विरक्त वैष्णव मण्डल समिति के अध्यक्ष महंत दयाराम दास महाराज ने कहा कि बांग्लादेश में साधुओं, संतों और सनातन धर्मियों पर लगातार क्रूरता की चरम सीमा तक अन्याय एवं अत्याचार हो रहा है, जिसे सहना उचित नहीं है। इसको लेकर संपूर्ण संत समाज में आक्रोश है, जिसके चलते संत समाज एवं हिंदू संगठन मानवाधिकार दिवस पर नरसंहार के खिलाफ रैली निकालकर विरोध प्रदर्शन करेगा।




