बस मालिक की हत्या मामलें में आरोपित गिरफ्तार
बस को लेकर कहासुनी में गैर इरादतन हत्या
ऋषिकेश। पुलिस ने आईएसबीटी परिसर में बीते दिन हुई बस मालिक की मौत का खुलासा कर एक बस के चालक को गिरफ्तार किया है। आरोपित के खिलाफ संबंधित धारा में मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया गया है।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक राजेंद्र सिंह खोलिया के मुताबिक रविवार को एक बस मालिक भरत सिंह भंडारी का शव आईएसबीटी परिसर में संदिग्ध अवस्था में मिला था। जिसके बाद मृतक के भाई विक्रम सिंह की तहरीर पर पुलिस ने मामला दर्ज कर हत्या और हादसा दोनों एंगल से जांच शुरू की। आसपास पूछताछ के आधार पर पुलिस ने आरोपित को गैर इरादतन हत्या के मामले में गिरफ्तार किया है। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि आरोपी पहले मृतक भरत सिंह के मामा की बस चलाता था। पिछले 15.20 दिनों से वह भरत सिंह की बस चला रहा था, शनिवार शाम आरोपी और मृतक भरत सिंह ने बस की छत पर बैठकर शराब का सेवन किया। तभी उनके बीच मामा की बस को लेकर कहासुनी हो गई। इस दौरान हल्का सा धक्का लगने पर बस मालिक भरत सिंह बस से गिर गया। जिससे बस मालिक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। पुलिस ने आरोपित के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया है। आरोपित की पहचान बस चालक धाम सिंह रावत (53) निवासी हलेद पट्टी प्रतापनगर टिहरी गढ़वाल के रूप में हुई है।




