राइका में एम्स की एमडीएमसी टीम ने छात्रों को दी योग की दीक्षा, महत्व से कराया अवगत
कार्यक्रम में वरिष्ठ जनों ने किया प्रतिभाग
ऋषिकेश। राजकीय इंटर कॉलेज आईडीपीएल में एम्स अस्पताल ऋषिकेश के माइंड बॉडी मेडिसियन सेंटर द्वारा योग मेडिसिन की कार्यशाला का आयोजन किया गया। इसमें एमडीएमसी की टीम ने छात्रों को योग प्रदर्शन कर उसके महत्व से अवगत कराया।
इस अवसर पर डॉ वामा जैन एवं डॉ अमित दास ने कहा कि योग स्वयं और समाज के लिए अत्यंत की उपयोगी है, क्योंकि योग साधक हमेशा स्वस्थ रहकर बिना किसी औषधि के अपने जीवन को जीता है और लंबी आयु प्राप्त करता है। उन्होंने कहा कि योग एक ऐसा माध्यम है, जो इस शरीर को लंबे समय तक स्वस्थ रखता है। वहीं थैरेपिस्ट सुश्री बीना एवं अमन जुयाल ने विद्यालय के छात्रों को योग की विभिन्न टिप्स दी।
राइका के सभागार में आयोजित कार्यक्रम में विद्यालय के प्रधानाचार्य राजीव लोचन सिंह द्वारा उपस्थित सभी का आभार ज्ञापित करते हुए कहा कि यह हमारे लिए सौभाग्य का विषय है कि आज एम्स अस्पताल ऋषिकेश के योग विभाग द्वारा बच्चों को योग की जानकारी प्रदान की गई। कार्यक्रम में बीरपाल सिंह रावत, एन.एस. रावत, विजय पाल सिंह, मनोज कुमार गुप्ता, ललित मोहन जोशी सहित अन्य छात्र छात्राओं ने प्रतिभाग किया।




