जल संस्थान के गंगा परियोजना में कार्यरत कर्मचारी की करंट लगने से मौत
कूलर पर कपड़े सुखाते समय करंट की चपेट में आया युवक
ऋषिकेश। जल संस्थान के गंगा परियोजना में कार्यरत कर्मचारी की कूलर पर कपड़े फैलाते समय अचानक करंट लगने से मौत हो गई। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवा दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार शनिवार की सुबह खारास्रोत स्थित जल संस्थान गंगा परियोजना के पंप हाउस में कार्यरत कर्मचारी कूलर पर कपड़े फैलाते समय अचानक करंट की चपेट में आकर बेहोश हो गया। घटनास्थल पर अन्य कर्मचारी मौजूद न होने के कारण युवक बेहोशी की हालत में काफी देर तक पड़ा रहा। कुछ समय बाद दूसरा कर्मचारी ड्यूटी पर पहुंचा तो उक्त कर्मचारी को बेहोश देखकर शोर मचाने लगा। जिसके बाद आनन फानन में करंट लगकर बेहोश हुए उक्त कर्मचारी राजकीय चिकित्सालय लाया गया। जहां चिकित्सकों ने युवक को मृत घोषित कर दिया। युवक को मृत देखकर परिवार जनों का रो-रो कर बुरा हाल हो गया। इसके उपरांत पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवा दिया। मृतक की पहचान विपिन कुमार उम्र 28 वर्ष निवासी खारास्रोत के रूप में हुई है।




