मुख्यमंत्री धामी ने चिकित्सकों की वर्षों पुरानी मांग पर लगाई मुहर
स्वास्थ्य सचिव ने लाभान्वित चिकित्सकों को दी बधाई
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी व स्वास्थ्य मंत्री डॉ धन सिंह रावत स्वास्थ्य विभाग से जुड़े सभी कार्मिकों के हितों को लेकर चिकित्सकों की वर्षों पुरानी मांग को पूरा किया है। उत्तराखंड स्वास्थ्य विभाग ने दन्त चिकित्साधिकारियों को एस.डी.ए.सी.पी. की बड़ी सौगात दी है।
इसका लाभ प्रान्तीय चिकित्सा सेवा संवर्ग के पर्वतीय व दुर्गम क्षेत्रों में अपनी निर्धारित सेवा अवधि पूरी करने वाले चिकित्सकों को मिलेगा। इसके लिए स्वास्थ्य सचिव डॉ आर राजेश कुमार ने एस.डी.ए.सी.पी. से लाभांवित होने वाले दन्त चिकित्सकों को शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा लंबे समय से दन्त चिकित्सकों की एस.डी.ए.सी.पी देने की मांग थी। स्वास्थ्य सचिव ने कहा स्क्रीनिंग कमेटी द्वारा की गयी संस्तुति के आधार पर शासनस्तर पर प्रान्तीय चिकित्सा सेवा संवर्ग के चिकित्साधिकारियों को एस.डी.ए.सी.पी. का लाभ दिये जाने के आदेश जारी कर दिये गये हैं।
स्वास्थ्य सचिव ने कहा 04 वर्ष की संतोषजनक सेवा व 02 वर्ष की पर्वतीय दुर्गम सेवा पूर्ण करने वाले प्रान्तीय चिकित्सा सेवा संवर्ग के 63 दन्त चिकित्सक, 09 वर्ष की संतोषजनक सेवा व 05 वर्ष की पर्वतीय दुर्गम सेवा पूर्ण करने वाले प्रान्तीय चिकित्सा सेवा संवर्ग के 05 चिकित्सक एवं 20 वर्ष की संतोषजनक सेवा व 09 वर्ष की पर्वतीय दुर्गम सेवा पूर्ण करने वाले प्रान्तीय चिकित्सा सेवा संवर्ग के 03 चिकित्सक इससे लाभान्वित होंगे।
स्वास्थ्य सचिव डॉ. आर राजेश कुमार ने कहा चिकित्सकों की मांगों को लेकर सरकार हमेशा गंभीर रही है। उन्होंने कहा हर न्यायोचित मांग का समाधान करने के लिए शासन लगातार प्रयासरत है। उन्होंने कहा चिकित्सकों की मांगों को प्राथमिकता के आधार पर और सभी पहलुओं पर गंभीरता पूर्वक विचार कर पूरा किया जा रहा है। उन्होंने सभी चिकित्सकों से अपील करते हुए कहा कि वह पूरे मनोयोग व निष्ठा के साथ कार्य करते रहें, उनकी मांगों के समाधान और सुरक्षा की जिम्मेदारी सरकार की है।




