मुख्यमंत्री ने तिरंगा बाइक रैली में शामिल होकर लोगों में भरा देशभक्ति का जोश
लोगों से तिरंगा अभियान को सफल बनाने का किया आवाहन
देहरादून। जनपद हरिद्वार के रुड़की शहर में नेहरू स्टेडियम से शताब्दी द्वार आईआईटी तक तिरंगा बाइक रैली निकाली गई। रैली में बतौर मुख्यातिथि शामिल हुए उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि देश की शान तिरंगा देश भक्ति एवं देश के प्रति समर्पण का प्रतीक है।
मंगलवार को भाजपा रुड़की मंडल की ओर से आयोजित तिरंगा बाइक रैली में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी शामिल हुए और उन्होंने स्वयं बाइक चलाकर रैली की शुरुआत की। तिरंगा बाइक रैली नेहरू स्टेडियम से शताब्दी द्वार आईआईटी तक संचालित हुई। तिरंगा बाइक रैली को लेकर लोगों में जोश नजर आया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने हर घर तिरंगा अभियान को सफल बनाने का आह्वान किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि राष्ट्र की शान तिरंगा देश भक्ति एवं देश के प्रति समर्पण का प्रतीक है। उन्होंने तिरंगा यात्रा को देश की एकता एवं अखंडता के प्रति संकल्प लेने का भी अभियान बताया। मुख्यमंत्री ने सभी से हर घर तिरंगा अभियान को सफल बनाने में भी सहयोगी बनने की अपील की। इस अवसर पर सांसद कल्पना सैनी, विधायक प्रदीप बत्रा, पूर्व विधायक कुंवर प्रणव चैंम्पियन, देशराज कर्णवाल सहित अनेक जन प्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता आदि शामिल रहे।




