उत्तराखंड की मुख्य सचिव ने यात्रा व्यवस्थाओं का लिया जायजा, संबंधित अधिकारियों को दिए दिशा निर्देश
ऑफलाइन पंजीकरण खोलने के लिए जल्द निर्णय लेगी सरकार : राधा रतूड़ी
ऋषिकेश। चारधाम यात्रा ट्रांज़िट कैंप में सूबे के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के बाद उत्तराखंड की मुख्य सचिव राधा रतूड़ी व्यवस्थाओं का जायजा लेने पहुंची। इस दौरान मुख्य सचिव ने अधिकारियों को श्रद्धालुओं की बेसिक व्यवस्थाओं को और ज्यादा बेहतर करने के निर्देश दिए।
मंगलवार को राज्य की मुख्य सचिव राधा रतूड़ी ने चारधाम यात्रा के मुख्य द्वार ऋषिकेश में स्थित ट्रांजिट कैंप में पहुंचकर पंजीकरण कार्यालय का निरीक्षण किया। इसके साथ श्रद्धालुओं को मिलने वाली व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया। इस दौरान मुख्य सचिव ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि चारधाम यात्रा पर आए श्रद्धालुओं का जल्द पंजीकरण करके यात्रा पर भेजा जाए। वहीं, श्रद्धालुओं से व्यवस्थाओं के बारे में फीडबैक भी लिया। इसके उपरांत मुख्य सचिव ने तमाम विभागों के अधिकारियों के साथ एक बैठक की। जिसमें श्रद्धालुओं को दी जाने वाली बेसिक सुविधाओं को और ज्यादा बेहतर करने पर विचार विमर्श किया गया। बैठक में मुख्य सचिव राधा रतूड़ी ने कहा कि चारधाम यात्रा सुचारू रूप से चल रही है। अधिक श्रद्धालुओं के पहुंचने की वजह से थोड़ी दिक्कत जरूर हुई है। लेकिन अब ऋषिकेश में भी श्रद्धालुओं का बैकलॉग कम हो गया है। जिसके चलते ज्यादा से ज्यादा बेहतर सुविधाएं श्रद्धालुओं को दी जा रही है। उन्होंने बताया कि ज्यादा से ज्यादा श्रद्धालु ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कराकर ही यात्रा पर आएं। इसको लेकर सरकार और प्रशासन लगातार तीर्थयात्रियों से अपील भी कर रहा है। साथ ही ऑफलाइन पंजीकरण खोलने के लिए जल्द निर्णय लिया जाएगा। चारधाम यात्रा के दौरान सड़कों पर जाम की स्थिति न बने, इसको लेकर भी प्रशासन को कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।




