कांग्रेस प्रदेश प्रवक्ता ने भाजपा सरकार पर जमकर बोला हमला
निकाय चुनाव में कांग्रेस की जीत का किया दावा
ऋषिकेश। कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता गिरिराज किशोर ने कांग्रेस प्रत्याशी दीपक जाटव के मुख्य चुनाव कार्यालय में प्रेसवार्ता की। इस दौरान कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता गिरिराज किशोर भाजपा सरकार पर जमकर बरसे। गिरिराज किशोर ने प्रदेश में भाजपा सरकार के कार्यों पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार ने जनता को छलने का काम किया है। जिसका जवाब जनता 25 जनवरी को चुनाव परिणाम वाले दिन देगी। उन्होंने नगर निकाय चुनाव में कांग्रेस की जीत का दावा करते हुए कहा कि इस बार जनता कांग्रेस को भारी बहुमतों से विजय बनाएगी।
उन्होंने कहा कि वह इन दिनों उत्तराखंड के लगभग सभी क्षेत्रों में घूम रहे हैं। लगभग हर क्षेत्र में भाजपा पार्षदों, सभासदों, नगर पालिका अध्यक्ष व नगर निगम मेयर की कार्यशैली और निष्क्रियता से जनता पूर्णतया त्रस्त है। कहा कि जनता के समक्ष भाजपा की निष्क्रियता गिनाने की आवश्यकता ही नहीं पड़ रही है, बल्कि जनता खुद बीजेपी जन प्रतिनिधियों की निष्क्रियता पर उनकी पोल खोल रही है और कांग्रेस के पक्ष में वोट देने का मन बना रही है। गिरिराज किशोर ने कहा कि ऋषिकेश में ट्रिपल इंजन की सरकार रही फिर भी कोई विकास कार्य धरातल पर नजर नहीं आ रहे हैं। भाजपा सरकार के पास विकास के लिए ना कोई विजन है और ना ही इनमें ऐसा करने की इच्छा शक्ति है। इसलिए आज ऋषिकेश की जनता के सामने भाजपा का मेयर प्रत्याशी अपने विजन सामने नहीं ला पा रहा है। उन्होंने कहा कि आज यहाँ क्षेत्रवाद विकास के मुद्दों पर भारी है जबकि कांग्रेस प्रत्याशी दीपक प्रताप जाटव हर क्षेत्र में सिर्फ मुद्दों पर बात कर रहा है। उसके पास अपने शहर के विकास के लिए क्लियर विजन है और वह अपने विजन के साथ नगर निगम ऋषिकेश के हर क्षेत्र में जनता के बीच जा रहा है। कहा कि यदि जनता उसको आशीर्वाद देकर मेयर की सीट पर बिठाएगी तो वह उन लोगों के लिए जातिवाद और क्षेत्रवाद को छोड़कर विकासवाद की बात करेगा।
प्रेसवार्ता में चुनाव संचालन समिति संयोजक वरिष्ठ कांग्रेसी चंदन सिंह पवार, चुनाव प्रचार समिति के संयोजक पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष दीप शर्मा, सह-संयोजक व्यापार मंडल अध्यक्ष ललित मोहन मिश्र,मुख्य चुनाव अभिकर्ता भगवती प्रसाद सेमवाल, पीसीसी सदस्य जयेंन्द्र रमोला, शैलेन्द्र बिष्ट, मनोज गुसाई आदि चुनाव संचालन समिति के सभी सदस्य उपस्थित रहे l




