चोरी के मंसूबे से ट्रेन पलटाने की साजिश, जांच में जुटी पुलिस
लोको पायलट ने सूझबूझ से बचाई लोगों की जान
रामपुर। उत्तर प्रदेश के रामपुर में कुछ अराजक तत्वों के द्वारा रेलवे लाइन पर लोहे का खंभा रखकर ट्रेन पलटाने की साजिश की गई।
बताया जा रहा है कि बीते बुधवार रात करीब 11 बजे कुछ अराजक तत्वों ने चोरी के मंसूबे से रामपुर की रेलवे लाइन पर नैनी दून एक्सप्रेस को पलटने के लिए लोहे का खंभा रख दिया। ट्रेन के लोको पायलट ने सूझबूझ से इमरजेंसी ब्रेक लगाकर सैकड़ो लोगों की जान बचा दी। सूचना पाकर जीआरपी और पुलिस प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने खंबे को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। स्थानीय लोगों से पूछताछ करने पर बताया गया कि कॉलोनी के पीछे से गुजरने वाली रेलवे लाइन पर कुछ युवक नशा करते हैं। इसी वजह से आस-पास के इलाकों में छोटी-मोटी चोरियां भी होती हैं। पुलिस के मुताबिक चोरी के मंसूबे से नशेड़िया द्वारा अपकृत्य किया गया है। फिलहाल जीआरपी 03 संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।




