डीएम ने चारधाम यात्रा ट्रांजिट कैंप में परखी व्यवस्थाएं
संबंधित अधिकारियों को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश

ऋषिकेश। जिलाधिकारी सविन बंसल ने ट्रांज़िट कैंप में आगामी 30 अप्रैल से शुरू चारधाम यात्रा की व्यवस्थाओं का स्थलीय निरिक्षण किया। इस दौरान उन्होंने यात्रियों की सहायता हेतु लगाए गए सुविधा काउन्टर का भी अवलोकन करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
डीएम सविन बंसल ने यात्रियों को सुगम यात्रा के लिए शुभकामनाएं दी। इसके साथ शासन-प्रशासन की व्यवस्थाओं का पालन और सहयोग करने की अपील की। वहीं जिलाधिकारी ने यात्रियों के लिए ट्रांजिट कैम्प एवं आईएसबीटी पर पर्याप्त मात्रा में पेयजल की व्यवस्था बनाने के लिए जगह-जगह शीतलपेय के कैम्पर रखने तथा जल वितरण हेतु मानवश्रम की व्यवस्था को निर्देशित किया किया।
डीएम सविन बंसल ने बताया कि ऋषिकेश के ट्रांज़िट कैम्प में चाय, पेयजल, भोजन आदि वितरण के लिए 24 कांउटर तथा आईएसबीटी पर 12 कांउटर लगाए जाएंगे। आज 05 बजे तक 1700 यात्रियों ने अपना रजिस्ट्रेशन कराया है। यात्रियों की सुविधा के लिए 30 रजिस्ट्रेशन कांउटर लगाए गए है, जिनमें 24 घंटे कार्मिक तैनात रहेगे। यात्रियों के धर्मशाला, होटल आदि व्यवस्था के लिए 35 मोबाईल टीम बनाई गई है, जो यात्रियों की धर्मशाला होटल में जाकर यात्रियों का रजिस्ट्रेशन करेंगी, साथ ही 10 मोबाईल टीम रात्रि में तैनात रहेंगी, जो आने वाले यात्रियों पंजीकरण में मदद करेंगी।
डीएम ने बताया कि स्वास्थ्य काउन्टर पर चिकित्सक नर्सिंग स्टाफ तैनात रहेंगे, मेडिकल सेवा आउटसोर्सिंग के लिए स्वास्थ्य विभाग को निर्देशित किया गया है। इसके आलावा जिलाधिकारी ने यात्रियों को मिलने वाले भोजन गुणवत्ता रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि 04 घंटे से ज्यादा समय से पका हुआ भोजन यात्रियों को नही दिया जाएगा। उन्होंने धर्मशाला विवरण सूची प्रत्येक हैंगर/टैन्ट और एलईडी पर भी प्रसारित कराने के निर्देश दिए। साथ ही पार्किंग व्यवस्था एवं अन्य समुचित सुविधा सुगम बनाने के निर्देश दिए। मौके पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय सिंह, मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, नगर आयुक्त ऋषिकेश शैलेन्द्र सिंह नेगी, पुलिस अधीक्षक सदर जया बलूनी, उप जिलाधिकारी योगेश मेहर, स्वास्थ्य विभाग से डॉ0 शिखा जंगपांगी, संयुक्त निदेशक पर्यटन योगेन्द्र सिंह गंगवार, जिला विकास अधिकारी सुनील कुमार, जिला पूर्ति अधिकारी के.के अग्रवाल, सहित अन्य उपिस्थत रहे।




