उत्तराखंडलेटेस्ट खबरेंविरोधस्वास्थ्य

एम्स में महिला डॉक्टर के साथ छेड़छाड़ मामले ने पकड़ा तूल, सड़कों पर उतरे रेजिडेंट एसोसिएशन के चिकित्सक

आरोपी नर्सिंग आफिसर की सेवा समाप्ति की मांग

ऋषिकेश। अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान एम्स ऋषिकेश में महिला चिकित्सक के साथ छेड़छाड़ के मामले में रेजिडेंट डाक्टर्स एसोसिएशन का गुस्सा शांत होने का नाम नहीं ले रहा है। आरोपी नर्सिंग आफिसर सतीश कुमार को निलंबित किया जा चुका है अब चिकित्सक उसकी सेवा समाप्ति की मांग कर रहे हैं।

गुरूवार को बड़ी संख्या में रेजिडेंट डाक्टर्स एसोसिएशन के चिकित्सकों ने डीन अकैडमी कार्यालय का घेराव किया। इसके साथ सड़क पर उतरकर एम्स प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी भी की। बता दें कि एम्स ऋषिकेश में ट्रामा सर्जरी विभाग में सोमवार की शाम आपरेशन के दौरान ड्यूटी पर तैनात एक महिला चिकित्सक के साथ वही ड्यूटी पर मौजूद नर्सिंग आफिसर सतीश कुमार निवासी राजस्थान में छेड़छाड़ की थी। चिकित्सक की ओर से अपने विभाग में इस मामले की शिकायत की गई। इसके बाद मंगलवार को रेजिडेंट डाक्टर्स एसोसिएशन के बैनर तले बड़ी संख्या में चिकित्सकों ने डीन अकादमी कार्यालय का घेराव कर जोरदार हंगामा किया। इसके बाद कोतवाली पुलिस आरोपी को साइकैटरिस्ट वार्ड के भीतर से गिरफ्तार कर ले गई। एम्स प्रशासन की ओर से उसे निलंबित कर दिया गया था। लेकिन चिकित्सकों की मांग है कि आरोपी सतीश कुमार की सेवाएं तत्काल समाप्त की जाए और आरोपी की ड्यूटी लगाने वाले एएनएस सिनोज का भी निलंबन किया जाए। इस मामले को लेकर एम्स प्रशासन के अधिकारियों की फिर से बैठक हुई। चिकित्साधीक्षक एम्स प्रोफेसर संजीव कुमार मित्तल से बातचीत करने पर उन्होंने कहा कि आरोपी का निलंबन कर दिया गया है। सेवा समाप्ति का अधिकार उच्च स्तर पर बैठे अधिकारियों को है। जिसके लिए अध्यक्ष एम्स को लिखा गया है। उन्होंने कहा कि इस मामले में एएनएस को नोटिस जारी कर 72 घंटे के भीतर स्पष्टीकरण देने को कहा गया है।

Related Articles

Back to top button