उत्तराखंड

“गद्दार” शब्द पर उबाल: ऋषिकेश में राहुल गांधी का पुतला दहन

ऋषिकेश। कांग्रेस नेता एवं लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी द्वारा केंद्रीय राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू के लिए गद्दार शब्द के प्रयोग से राजनीतिक माहौल पूरी तरह गरमा गया है। तीर्थनगरी ऋषिकेश में गुरुवार को इस बयान के खिलाफ भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता सड़कों पर उतर आए और राहुल गांधी का पुतला दहन कर जोरदार विरोध दर्ज कराया।

भाजपा कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए राहुल गांधी के बयान को लोकतांत्रिक मर्यादाओं के खिलाफ बताया। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि एक संवैधानिक पद पर बैठे नेता द्वारा इस तरह की भाषा का प्रयोग न केवल निंदनीय है, बल्कि यह विपक्ष की बौखलाहट और राजनीतिक दिवालियापन को भी दर्शाता है।

प्रदर्शन के दौरान भाजपा नेताओं ने कहा कि केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू एक सम्मानित जनप्रतिनिधि हैं और उनके लिए गद्दार जैसे शब्द का प्रयोग पूरे लोकतांत्रिक तंत्र का अपमान है। कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी से तत्काल सार्वजनिक माफी की मांग करते हुए चेतावनी दी कि यदि भविष्य में ऐसी भाषा का प्रयोग दोहराया गया, तो भाजपा सड़क से लेकर संसद तक संघर्ष तेज करेगी।

इस मौके पर भाजपा जिला अध्यक्ष राजेन्द्र तड़ियाल एवं ऋषिकेश अल्पसंख्यक मोर्चा के जिला अध्यक्ष सतीश सिंह ने संयुक्त रूप से कहा कि लोकतंत्र में वैचारिक मतभेद हो सकते हैं, लेकिन अपशब्दों और अमर्यादित भाषा की कोई जगह नहीं है। उन्होंने राहुल गांधी को संयम और मर्यादा में रहकर राजनीति करने की नसीहत दी।

Related Articles

Back to top button