बर्थडे पार्टी में बुलाकर दरोगा की बेटी को उतारा मौत के घाट, दोस्त बना किलर
हत्या के बाद युवक ने नहर में लगाई छलांग
ऋषिकेश। तीर्थनगरी ऋषिकेश के रायवाला क्षेत्र से बड़ी घटना सामने आई है। घटना रविवार की देर रात्रि रायवाला के समीप हरिद्वार देहरादून बाईपास मार्ग पर घटित हुई है।
दरअसल देहरादून में तैनात दरोगा शिवप्रसाद डबराल निवासी 20 बीघा आईडीपीएल ऋषिकेश की पुत्री आरती डबराल रविवार की शाम अपने दोस्तों के साथ बर्थडे पार्टी में जाने के लिए घर से निकली। देर रात्रि आरती के घर न लौटने पर परिवार जनों में हलचल मच गई। पुलिस के अनुसार सोमवार की सुबह सूचना मिली कि हरिद्वार देहरादून बाईपास मार्ग पर छिद्दरवाला वाला के पास संदिग्ध परिस्थितियों में एक युवती का शव पड़ा हुआ है। सूचना प्राप्त होते ही रायवाला पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर युवती के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एम्स ऋषिकेश भिजवाया। प्रथम दृष्टिया पुलिस ने युवती का गला रेतकर हत्या की आशंका जताई है। उक्त मामला प्रेम प्रसंग का बताया जा रहा है। घटना का संज्ञान लेकर एसएसपी देहरादून अजय सिंह ने मय फोर्स के साथ घटनास्थल पर पहुंचकर छानबीन शुरू की।
एसएसपी अजय सिंह ने बताया कि गहन छानबीन के बाद युवती की शिनाख्त की गई है। युवती की पहचान देहरादून में तैनात दरोगा शिव प्रसाद डबराल की पुत्री आरती डबराल के रूप में की गई है। छानबीन में सामने आया कि दरोगा शिव प्रसाद डबराल की पुत्री आरती डबराल एक दिन पहले घर में बताकर अपने दोस्त के बर्थडे में गई थी, जो देर रात्रि अपने घर लौटकर नहीं आई। युवती के परिजनों ने अगले दिन काफी संपर्क करने की कोशिश की। लेकिन युवती से संपर्क न होने के कारण परिवारजन ने पुलिस को सूचना दी। जिसके बाद पुलिस ने संदिग्ध परिस्थितियों में एक युवती का शव बरामद किया। छानबीन के दौरान पता चला कि युवती अपने दोस्त शैलेंद्र भट्ट के बर्थडे में गई थी, जो ऋषिकेश के श्यामपुर में अपनी बहन के यहां रहता था। बर्थडे में शामिल अन्य दोस्तों से पूछताछ करने पर पता चला कि शैलेंद्र भट्ट ने आरती की हत्या के बाद चीला नहर के पास अपने एक दोस्त के साथ बैठकर शराब का सेवन किया और नहर में कूदकर आत्महत्या कर ली। हालांकि अभी तक नहर से युवक का शव बरामद नहीं किया गया है। युवक का शव मिलने के बाद ही मामला स्पष्ट हो पाएगा। एसएसपी अजय सिंह ने बताया कि पूछताछ के दौरान यह भी पता चला कि दो दिन पहले शैलेंद्र भट्ट ने पीजी कॉलेज ऋषिकेश के पास एक दुकान से धारदार चाकू खरीदा था, जो घटनास्थल से पुलिस ने बरामद भी किया है। हालांकि अभी तक हत्या के मंसूबे की पुष्टि नहीं हो पाई है। उक्त प्रकरण में संबंधित लोगों से पुलिस पूछताछ जारी है। पुलिस हर पहलू की बारीकी से जांच में जुटी है। जांच के बाद ही हत्या के कारणों को स्पष्ट किया जाएगा।




