आगामी विधानसभा चुनाव में मतदाताओं सूची तैयार करने को लेकर बैठक
कांग्रेसियों ने वोटर लिस्ट के फर्जीवाडे पर की चर्चा

ऋषिकेश। तहसील परिसर में सहायक निर्वाचन कार्यालय अधिकारी एवं जिला मजिस्ट्रेट ऋषिकेश द्वारा आगामी विधानसभा चुनाव के लिए मतदाताओं सूची तैयारी करने को लेकर राजनीतिक दलों के साथ एक विशेष बैठक आयोजित की गई। इसमें तहसीलदार ऋषिकेश के साथ वोटर लिस्ट के फर्जीवाडे को लेकर कई विषयों पर गंभीर चर्चा की गई।
कांग्रेस महानगर अध्यक्ष राकेश सिंह एडवोकेट ने बताया कि बीएलओ व सुपरवाइजर की लापरवाही के कारण नए वोटरों के नाम नहीं जोड़े जाते हैं ओर जो वोटर मृतक हो गए हैं उनके नाम सालों सालों से वोटर लिस्ट में चले आ रहे हैं। बीते लोकसभा, विधानसभा एवं नगर निकाय चुनाव में देखा गया है कि जो लोग सत्ताधारी दल के अनुकूल नहीं है उन वोटरों के नाम हटाए गए हैं और बहुत सारे नाम अन्य राज्यों से लाकर निकाय चुनाव में चढ़ाए गए हैं। उन्होंने कहा कि अगर कोई बीएलओ निष्पक्षता से काम नहीं कर रहा है तो उसे अभी हटाया जाना चाहिए। इसको लेकर कांग्रेसियों इसी वर्ष सितंबर माह तक पूरे विधानसभा के अंदर वोटरों का पुनरीक्षण का कार्य किए जाने, अक्टूबर माह में सभी राजनीतिक दलों को वोटर लिस्ट उपलब्ध कराए जाने और राजनीतिक दलों के बीएलए को सरकारी बीएलओ के साथ अटैच करने की मांग की। कहा कि यदि कोई बीएलओ व निर्वाचन कार्य में सम्मिलित लोग अगर नियमनुसार अपना कार्य नहीं करते है और फर्जी वोटरों को बनाने का कार्य करते हैं तो उन लोगों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि निष्पक्ष चुनाव संपन्न हो सके। बैठक में तहसीलदार सुरेंद्र सिंह, कांग्रेस महानगर अध्यक्ष राकेश सिंह एडवोकेट, भाजपा नेता अमित वत्स, रजिस्टर कानूनगो रिजवान हसन, सीपीआई से कुशाल सिंह कलूड़ा, सपा से अतुल यादव एडवोकेट, बीएसपी आदि राजनीतिक दलों के लोग उपस्थित रहे।




