मुनिकीरेती पुलिस ने राफ्टिंग सीजन को लेकर व्यवसायियों के साथ की बैठक
सुरक्षा के मद्देनजर गाइडलाइन की जारी
ऋषिकेश। मुनिकीरेती पुलिस ने व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में मानकों को सुदृढ़ करने को लेकर होटल संचालकों, होटल स्वामियों और राफ्टिंग व्यवसायियों के साथ बैठक की। इसमें सभी व्यवसायियों को सुरक्षा के मद्देनजर गाइडलाइन जारी की गई।
बता दें कि गंगा का जलस्तर सामान्य रहा तो 20 सितंबर से राफ्टिंग शुरू होने की संभावना जताई जा रही है। जिसको लेकर पुलिस प्रशासन भी सक्रिय नज़र आ रहा है। जिसके चलते राफ्टिंग व्यवसायियों और होटल संचालकों को हिदायत भी दी जा रही है।
गुरूवार को एसएसपी टिहरी गढ़वाल आयुष अग्रवाल के निर्देश पर थाना मुनिकीरेती में प्रभारी निरीक्षक रितेश शाह के नेतृत्व में मुनिकीरेती थाने में होटल संचालकों, होटल स्वामियों और राफ्टिंग व्यवसायियों के लिए बैठक आयोजित की गई। इसमें होटल स्वामियों और संचालकों तथा राफ्टिंग संचालकों को अपने होटल में सीसीटीवी कैमरा लगाने, होटल में काम करने वाले कर्मचारियों का सत्यापन कराने, होटल में आने वाले गेस्ट की विजिटर रजिस्टर में पूर्ण प्रविष्टियां अंकित करने, होटल में आने वाले विदेशियों की सूचना (form C) समय से स्थानीय अभिसूचना इकाई व पुलिस थाना को दिए जाने, होटल संचालकों को होटल में मादक पदार्थों का सेवन व अवैध गतिविधि पर रोक लगाने, थाना क्षेत्र के किसी होटल में कोई घटना घटित होने पर सूचना तत्काल थाने पर देने, थाना क्षेत्र के समस्त राफ्टिंग संचालकों को राफ्ट की सूची और कर्मचारियों का विवरण उपलब्ध कराया जाने और राफ्टिंग गाइड और हेल्पर का शत प्रतिशत सत्यापन कराने, राफ्टिंग संचालकों को राफ्ट संचालन के समय गाइडों और हेल्परों को मादक द्रव्यों का सेवन न किए जाने, राफ्टिंग संचालन में संचालकों को प्रशिक्षित गाइड व हेल्पर को रखने, राफ्ट संचालकों को स्टार्टिंग पॉइंट, एंडिंग पॉइंट से राफ्ट का संचालन करने, निर्माणधीन होटल में कार्यरत ठेकेदार, मजदूरों का सत्यापन कराने की गाइडलाइन जारी की। थाना मुनिकीरेती प्रभारी निरीक्षक रितेश शाह ने बताया कि पुलिस प्रशासन की ओर से जारी किए गए निर्देश और गाइडलाइन का पालन करना अनिवार्य होगा। पालन न करने वाले व्यक्ति और संस्थान के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। बैठक में वरिष्ठ पुलिस उपनिरीक्षक योगेश पांडेय सहित राफ्टिंग व्यावसायिक और होटल संचालक शामिल रहे।




