नंदिनी फाउंडेशन के सात दिवसीय शैक्षिक भ्रमण का समापन
छात्रों ने शैक्षिक भ्रमण पर बनाई डायरी
ऋषिकेश। नंदिनी फाउंडेशन ऋषिकेश द्वारा आयोजित छात्रों के सात दिवसीय शैक्षिक भ्रमण समापन किया गया। इसमें छात्रों ने विभिन्न स्थलों पर जाकर ज्ञान अर्जित किया।
श्री भरत मंदिर इंटर कॉलेज के शिक्षक संजीव कुमार उपाध्याय ने शैक्षिक भ्रमण से जुडी जानकारी देकर बताया कि शैक्षणिक दल के सभी सदस्यों ने 06 और 07 दिसंबर को दिल्ली के ऐतिहासिक स्थलों कुतुब मीनार, लाल किला और इंडिया गेट का भ्रमण किया। जहां सभी ने स्थलों के राजनीतिक और ऐतिहासिक महत्व को समझा। इसके बाद 8 और 9 दिसंबर को दल जयपुर रवाना हुआ। जहां आमेर का किला, जल महल, हवा महल और अल्बर्ट म्यूजियम देखकर बच्चों के शैक्षिक और मानसिक ज्ञान में वृद्धि हुई। 10 और 11 दिसंबर को शैक्षिक भ्रमण दल दिव्य स्थल श्री कृष्ण जन्मभूमि मथुरा गया। जहां वृंदावन, प्रेम मंदिर, बांके बिहारी मंदिर और कृष्ण जन्मभूमि देखकर सभी छात्र-छात्राओं को दिव्य क्षणों की अनुभूति प्राप्त हुई। उन्होंने बताया कि सम्पूर्ण शैक्षिक भ्रमण के दौरान समस्त छात्रों ने स्थलों का बहुत गहनता से अध्ययन किया। छात्रों ने सात दिवसीय शैक्षिक भ्रमण की एक डायरी भी लिखी। जिसमें उन्होंने अपने अनुभवों को साझा किया।
शिक्षिका सुशील बर्थवाल ने कहा कि अब से पहले बच्चों ने केवल किताबों में ही इन स्थलों के बारे में पढ़ा था और अब उन्होंने यह बिल्कुल साक्षात देखे हैं। जिससे उनको एक अलग ही दिव्यता की अनुभूति हुई है। शिक्षिका शकुंतला आर्य ने कहा कि इस तरह के शैक्षिक भ्रमण से प्रेरणा मिलती है कि अन्य बच्चे भी मेहनत करें अच्छे से अच्छे नंबर लाएं ताकि उन्हें इस तरह के शैक्षिक भ्रमणों का अवसर नंदिनी फाउंडेशन के द्वारा दिया जाए। श्री भरत मंदिर पब्लिक स्कूल के शिक्षक राजीव कुमार ने बताया कि इस तरह के शैक्षिक भ्रमणों से छात्र-छात्राओं के शैक्षिक, बौद्धिक और रचनात्मक ज्ञान में वृद्धि होती है, क्योंकि जो अनुभव उनको कृष्ण जन्मभूमि के हुए हैं, वह आलोकित करने वाले हैं। शैक्षिक भ्रमण के समापन पर नंदिनी फाउंडेशन के संस्थापक हर्षवर्धन शर्मा, प्रधानाचार्य मेजर गोविंद सिंह रावत, यमुना प्रसाद त्रिपाठी, लेफ्टिनेंट लखविंदर सिंह, डॉ सुनील दत्त थपलियाल, भगवती जोशी, रंजन अंथवाल, उपदेश उपाध्याय आदि मौजूद रहे।




