छात्रावास की भूमि पर पार्किंग बनाए जाने को लेकर छात्रों में आक्रोश, छात्रसंघ ने संपत्ति पर जड़ा ताला
उक्त भूमि पर एकत्र होकर किया प्रदर्शन
ऋषिकेश। श्रीदेव सुमन परिसर ऋषिकेश के छात्रसंघ ने अंबेडकर चौक पर मुक्त हुई छात्रावास की भूमि को बिना सूचना के दादू आश्रम को कार पार्किंग के लिए दिए जाने के विरोध में आक्रोश जताया। इसके साथ छात्रसंघ ने उक्त भूमि के गेट पर एकत्र होकर ताला भी जड़ा।
शनिवार को श्रीदेव सुमन परिसर ऋषिकेश छात्रसंघ के समस्त छात्रों ने अंबेडकर चौक पर एकत्र होकर मुक्त हुई छात्रावास की भूमि विवि के निदेशक द्वारा दादू आश्रम को कार पार्किंग के लिए दिए जाने के विरोध में प्रदर्शन कर उक्त भूमि के गेट पर ताला जड़ा। इस दौरान छात्रसंघ महासचिव माधवेंद्र मिश्रा ने बताया कि छात्रसंघ के संघर्ष से मुक्त हुई श्रीदेव सुमन विवि की भूमि को विवि के निदेशक द्वारा बिना सूचना, निविदा एवं नोटिस के आधार पर दादू आश्रम को कार पार्किंग के लिए दे दिया गया है। जिससे छात्रसंघ के समस्त छात्र छात्राओं में आक्रोश है।
उन्होंने बताया कि बीते फरवरी माह में छात्रसंघ के अथक प्रयासों एवं विश्वविद्यालय के प्रयासों द्वारा अंबेडकर चौक स्थित विश्वविद्यालय की विवादित संपत्ति का नामांकन पुनः विश्वविद्यालय के नाम दर्ज कराया गया था। इसके उपरांत उक्त संपत्ति श्रीदेव सुमन परिसर ऋषिकेश के अंतर्गत आ गई थी। कुछ समय बाद विवि द्वारा उसके चारो ओर बाउंड्री लाइन करवा कर आगे छात्रावास निर्माण के लिए सुयोजित भी किया गया। लेकिन विवि की उक्त भूमि निदेशक ने बिना किसी सूचना के दादू आश्रम को कार पार्किंग के लिए देकर बहुत ही निंदनीय कार्य किया है। महासचिव ने बताया कि दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले विश्वविद्यालय के छात्रों के आवागमन में कठिनाइयों के चलते उक्त भूमि को छात्रावास के लिए मुक्त कराया गया। ताकि ऐसे छात्र छात्रावास का लाभ उठाकर अपनी पढ़ाई पूरी कर सके। लेकिन विश्वविद्यालय के निदेशक ने छात्रों की उम्मीदों को ठेस पहुंचाई है।
उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय द्वारा उक्त भूमि के चारों ओर बाउंड्री लाइन करने के पश्चात छात्रावास के निर्माण कार्य को अति शीघ्र करना सुनिश्चित किया जाना चाहिए। अगर श्रीदेव सुमन विश्वविद्यालय एवं कॉलेज प्रशासन उक्त भूखंड पर निर्माण कार्य करने में असक्षम है, तो उक्त भूमि को भूमि के मूल स्वामी श्री भरत मंदिर गद्दी आदरणीय महंत वत्सल प्रपन्नाचार्य को वापस सौंप देनी चाहिए। ताकि उक्त भूमि को ऋषिकेश के जनमानस के कल्याण के लिए उपयोग किया जा सके। वहीं, छात्रसंघ अध्यक्ष हिमांशु जाटव ने कहा कि उक्त भूमि पर छात्रावास निर्माण की प्रक्रिया जल्द से जल्द प्रारंभ कराने की मांग की। इस मौके पर छात्र नेता राघवेंद्र मिश्रा रवि बिष्ट मयंक भट्ट भूमिका अजय सचिन प्रियांशु कुमारी साहिल भट्ट अंजनी कुमार पियूष गुप्ता तस्वीर अंसारी आदि छात्र छात्राएं मौजूद रहे।




