चुनाव रद्द करने को लेकर छात्रों ने टंकी पर चढ़कर किया प्रदर्शन
विवि में जल्द चुनाव की मांग पर अड़े छात्र
ऋषिकेश। श्रीदेव सुमन विवि परिसर ऋषिकेश में छात्रसंघ चुनाव की मांग जोर पकड़ती जा रही है। हाईकोर्ट के आदेश के बाद गुस्साए छात्रों ने विवि की टंकी पर चढ़कर सरकार एवं प्रशासन के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया।
बता दें कि हाईकोर्ट ने विवि के शैक्षणिक कैलेंडर के अनुसार तय तिथि में चुनाव न कराने पर चुनाव रद्द करने का आदेश पारित किया है। जिसको लेकर विवि के छात्रों में आक्रोश है। विवि के छात्रों ने सरकार एवं विवि प्रशासन पर जानबूझकर छात्र संघ चुनाव नहीं कराने और हाईकोर्ट को गुमराह करने का आरोप लगाया है। छात्रों का कहना है कि छात्रसंघ चुनाव अब तक हो जाने चाहिए थे, लेकिन विवि प्रशासन चुनाव को टालने में लगा है। जिसके चलते पठ्न पाठन की प्रक्रिया पर भी प्रभावित हो रही है। विवि में चुनाव रद्द होने के चलते गुस्साए छात्रों ने सड़को एवं टंकी पर चढ़कर प्रदर्शन किया है। साथ ही विवि परिसर में तालाबंदी भी की गई है। सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस बल मौके पर मौजूद रहा। इस दौरान छात्रों ने विवि प्रशासन के खिलाफ जमकर नरेबाज़ी भी की। काफी देर प्रदर्शन के बाद विश्वविद्यालय प्रशासन ने छात्रों को समझा बुझाकर शांत किया। छात्रों ने विवि में जल्द चुनाव कराने की मांग की। छात्रों ने कहा कि अधिकांश छात्र नेता चुनाव के लिए तैयारी कर चुके हैं और प्रचार प्रसार में लगे हैं। अगर जल्द चुनाव की तिथि बहाल नहीं की गई तो आमरण अनशन जारी रहेगा।




