कोलकाता में महिला डॉक्टर के साथ दुष्कर्म और निर्ममता अकल्पनीय : उपराष्ट्रपति
उपराष्ट्रपति ने एम्स पहुंचकर किया पौधारोपण
ऋषिकेश। भारत के उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) पहुंचे। उन्होंने परिसर में मां के नाम एक पौधा अभियान के तहत पौधरोपण किया।। इस दौरान उपराष्ट्रपति ने कोलकाता में महिला डॉक्टर के साथ हुई घटना पर दुख जताया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उपराष्ट्रपति ने कहा कि हमारे देश की संस्कृति वसुधैव कुटुम्बकम की है। हमारे कुटुंब की बेटी ने जनता की सेवा के लिए न दिन देखा न रात। उसके साथ दुष्कर्म और निर्ममता अकल्पनीय है। डॉक्टर, नर्सिंग स्टाफ दुखी हैं। इस घटना से मां बाप भी सोचेंगे कि बेटी को डॉक्टर बनाएं या न बनाएं। जब ये बात सोचते हैं तो दिल विचलित होता है। उन्होंने कहा जिस बच्ची ने डॉक्टर बन कर हमारे शरीर को बचाने की कोशिश की उसके ही शरीर को तार-तार कर दिया। मैं आपके दुख में अपनी भागेदारी प्रकट करने आया हूं। इस मौके पर उत्तराखंड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्ति) गुरमीत सिंह, अखिल भारतीय आयुर्वेदिक विज्ञान संस्थान के कार्यकारी निदेशक प्रोफेसर मीनू सिंह, डीन अकादमी प्रोफेसर जया चतुर्वेदी आदि मौजूद रहे।




