उत्तराखंड

वनाग्नि नियंत्रण पर सीसीएफ का सख्त निरीक्षण, व्यवस्थाओं की ली पूरी जानकारी

टिहरी/नरेन्द्रनगर । गढ़वाल के मुख्य वन संरक्षक (सीसीएफ) धीरज पाण्डेय ने नरेंद्रनगर वन प्रभाग का आज निरीक्षण कर वनाग्नि नियंत्रण और मानव-वन्यजीव संघर्ष न्यूनीकरण की तैयारियों का गहन जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान फॉरेस्ट फायर क्रू स्टेशन और क्यूआरटी (त्वरित प्रतिक्रिया दल) की कार्यप्रणाली, संसाधनों और तत्परता की विस्तृत समीक्षा की गई।

सीसीएफ ने ब्यासी और नीरगढ़ चेकपोस्ट स्थित फॉरेस्ट फायर क्रू स्टेशनों पर उपलब्ध उपकरणों, संचार व्यवस्था और आपातकालीन स्थितियों से निपटने की तैयारियों का निरीक्षण किया। माणिकनाथ वन क्षेत्र की क्यूआरटी टीम की कार्यकुशलता, प्रशिक्षण स्तर और वनाग्नि सहित अन्य आपदाओं से निपटने की क्षमता का भी मूल्यांकन किया गया। इस दौरान टीमों को सतर्कता, त्वरित प्रतिक्रिया और बेहतर समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए।

निरीक्षण के कड़ी में शिवपुरी रेंज के वृक्षारोपण क्षेत्र का भी जायजा लिया गया। वृक्षारोपण कार्यों की प्रगति पर संतोष जताते हुए सीसीएफ ने टीम की सराहना की और पर्यावरण संरक्षण तथा जैव विविधता को बढ़ावा देने के लिए व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण करने पर जोर दिया। साथ ही स्थानीय जनता और विभागीय कर्मचारियों से इस अभियान में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने का आह्वान किया।

इस दौरान प्रभागीय वनाधिकारी दिगांथ नायक, उप प्रभागीय वनाधिकारी अनिल पैन्यूली, विवेक जोशी, मदन सिंह रावत, संजय बेलवाल और दुलप सिंह भण्डारी सहित वन विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button