नीलकंठ मंदिर में 10 लाख 40 हजार श्रद्धालुओं ने किया जलाभिषेक
आस्था का विशाल केंद्र बना नीलकंठ धाम

ऋषिकेश। वर्तमान में श्रावण मास कांवड़ यात्रा के दौरान श्री नीलकंठ महादेव धाम आस्था, श्रद्धा और भक्ति का विशाल केंद्र बना हुआ है। देश के विभिन्न राज्यों से लाखों शिवभक्त हर-हर महादेव के जयघोष के साथ लागातार श्री नीलकंठ धाम पहुंचकर जलाभिषेक एवं दर्शन कर रहे हैं।
श्रद्धालुओं की अटूट आस्था और उत्साह के बीच अब तक लगभग 10 लाख 40 हजार से अधिक श्रद्धालु श्री नीलकंठ महादेव मंदिर में दर्शन एवं जलाभिषेक कर चुके हैं। धाम में श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या के बावजूद पुलिस एवं प्रशासन द्वारा की गई व्यापक व्यवस्थाओं के चलते यात्रा सुचारु, सुरक्षित एवं व्यवस्थित रूप से संचालित हो रही है। यात्रा मार्गों, पार्किंग स्थलों, पैदल मार्गों एवं मंदिर परिसर में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। यातायात प्रबंधन, भीड़ नियंत्रण, आपातकालीन सहायता, ड्रोन एवं सीसीटीवी निगरानी सहित विभिन्न व्यवस्थाओं के माध्यम से श्रद्धालुओं को सुरक्षित एवं सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराया जा रहा है।




