उत्तराखंडलेटेस्ट खबरें

नगर निगम के कूड़ा डंपिंग जोन में लगी भीषण आग, कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पाया काबू

आग लगने की घटनाओं से शहर वासियों में खौफ

ऋषिकेश। हरिद्वार रोड पर गोविंद नगर स्थित नगर निगम के ट्रेचिंग ग्राउंड में अचानक भीषण आग लग गई। ट्रेचिंग ग्राउंड में लगी आग की लपटें धीरे धीरे आसपास मौजूद झुग्गी झोपड़ियां तक पहुंचने लगी। जिससे झुग्गी झोपड़ी में रहने वाले लोगों को खतरा मंडराने लगा। जिसके चलते झोपड़ी में रहने वाले छोटे छोटे बच्चों ने अपनी जान जोखिम में डालकर आग पर काबू पाने के लिए पाइपलाइन के माध्यम से पानी की बौछार डालना शुरू कर दी। गनीमत रही कि कूड़े की देहकती आग में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। सूचना प्राप्त होते ही दमकल विभाग के दो वाहनों ने मौका स्थल पर पहुंचकर कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

बता दें कि भीषण गर्मी पड़ने के कारण उत्तराखंड के कई इलाकों में आग लगने के मामले सामने आ रहे हैं। ऐसा ही एक मामला बीते गुरुवार को नीलकंठ से सटे पहाड़ों एवं ऋषिकेश स्थित स्टेडिया फैक्ट्री में सामने आया था। जिसमें आग की उठती लपटों ने शहर में अफरा तफरी मचा दी थी। ताजा मामला शुक्रवार की दोपहर गोविंद नगर स्थित नगर निगम के ट्रेचिंग ग्राउंड का है। जहां अचानक आग लगने से आसपास के इलाकों में हलचल मच गई। विभिन्न इलाकों में आग लगने की सूचना से शहर वासियों में खौफ का माहौल पैदा हो गया है। यह नजारा भी लोगों के लिए चिंता और चर्चा का विषय बना हुआ है। नगर आयुक्त शैलेंद्र सिंह नेगी ने बताया कि भीषण गर्मी के कारण शहर के कई इलाकों में आग लगने की घटनाएं सामने आ रही है। दोपहर नगर निगम के ट्रेचिंग ग्राउंड में लगी आग सूचना दमकल विभाग को दी गई थी। सूचना पाकर दमकल विभाग के दो वाहनों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इसके साथ ऐसी घटनाओं के लिए प्रशासन पूरी तरह से सचेत है।

Related Articles

Back to top button