पहलगाम मार्ग पर बादल फटने से सड़क का बड़ा हिस्सा ढहा
वाहनों की आवाजाही पर लगी रोक

जम्मू कश्मीर। जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग जिले में पहलगाम मार्ग पर शनिवार देर शाम बादल फटने से भारी नुकसान हुआ। तेज पानी और मलबे की वजह से बिजबेहड़ा-पहलगाम सड़क का बड़ा हिस्सा बह गया, जिससे इस रास्ते पर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह बंद हो गई। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी की मौत या घायल होने की खबर नहीं है।
प्रशासन ने तुरंत कार्रवाई करते हुए सभी स्थानीय लोगों और पर्यटकों को सुरक्षित जगहों पर पहुंचा दिया। फिलहाल प्रभावित इलाके में लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है और मौसम पर लगातार नजर रखी जा रही है।
बादल फटने के बाद कई जगह सड़कें टूट गईं और कुछ हिस्सों में भारी मलबा जमा हो गया. इससे आसपास के गांवों और पर्यटन स्थलों का संपर्क भी टूट गया। कई इलाकों में बिजली और पेयजल की सप्लाई भी बंद हो गई है, जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. प्रशासन ने नुकसान का आकलन शुरू कर दिया है. मौसम सामान्य होते ही सड़क की मरम्मत, बिजली और पानी की सप्लाई बहाल करने का काम शुरू किया जाएगा. स्थानीय लोगों ने भी जल्द राहत और जरूरी सेवाएं बहाल करने की मांग की है ताकि सामान्य जीवन फिर से पटरी पर लौट सके।




