NEET पेपर लीक मामलें में 13 आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल
मुख्य आरोपी 10 लाख में बेचा NEET का पेपर

नई दिल्ली। CBI ने मंगलवार को राष्ट्रीय राजधानी की राउज एवेन्यू कोर्ट में NEET UG पेपर लीक मामले में 13 आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की। यह चार्जशीट कल पेपर लीक मामले की सुनवाई के लिए गठित विशेष फास्ट-ट्रैक कोर्ट के सामने पेश की जानी है।
यह चार्जशीट CBI की आर्थिक अपराध शाखा द्वारा दाखिल की गई है। यह मामला भारतीय न्याय संहिता (BNS) 2023 की धारा 315(5), 318(4), 61(2), 238, 303(2) और भ्रष्टाचार निवारण (PC) अधिनियम, 1988 की धारा 13(2) के साथ पठित 13(1)(a) और सार्वजनिक परीक्षा (अनुचित साधनों की रोकथाम) अधिनियम, 2024 की धारा 10 के साथ पठित धारा 3, 4, 5 और धारा 11 के तहत दर्ज किया गया था। आरोपी व्यक्ति, यश यादव, मांगीलाल बिवाल, दिनेश बिवाल, विकास बिवाल, शुभम खैरनार, धनंजय लोखंडे, प्रह्लाद कुलकर्णी, तेजस हर्षद कुमार, डॉ. मनोज शिरूरे, शिवराज रघुनाथ मोटेगांवकर, मनीषा वाघमारे, मनीषा मांडरे, मनीषा संजय हवलदार, न्यायिक हिरासत में हैं। CBI ने NTA अधिकारियों की भूमिका की जांच के लिए आगे की जांच खुली रखी है। हाल ही में, 47 NTA अधिकारियों को निलंबित कर दिया गया था।
CBI ने आरोप लगाया है कि मांगीलाल बिवाल ने अपने बेटे विकास बिवाल के लिए NEET का प्रश्नपत्र हासिल करने के लिए शुभम खैरनार से संपर्क किया था। मांगीलाल बिवाल के मोबाइल फोन से प्रश्नपत्र बरामद किए गए हैं। एजेंसी ने कहा कि मांगीलाल ने 10 लाख रुपए के सौदे में यश यादव से लीक हुआ NEET UG पेपर प्राप्त किया था। पूछताछ के दौरान, मांगीलाल के बेटे विकास बिवाल ने बताया कि वह राजस्थान के सीकर में कोचिंग के दौरान यश यादव के संपर्क में आया था।
आरोप है कि मांगीलाल बिवाल ने अपने बेटे विकास बिवाल के लिए प्रश्नपत्र के लिए शुभम खैरनार से संपर्क किया। इसके बाद, अन्य आरोपी व्यक्तियों के साथ एक बड़ी चेन बनाई गई। यह भी आरोप है कि शुभम ने पहले यश को, फिर यश ने मांगीलाल को, विकास को और दिनेश बिवाल को पेपर लीक किया। यह भी आरोप है कि मांगीलाल ने लीक हुए पेपर को विभिन्न उम्मीदवारों को 12-12 लाख रुपए में बेचा।




