महापौर ने वीर अमर शहीद प्रदीप रावत को दी श्रद्धांजलि
शहीद प्रदीप सिंह रावत का त्याग प्रेरणास्रोत : पासवान

ऋषिकेश। वीर अमर शहीद प्रदीप सिंह रावत की आठवीं पुण्यतिथि के अवसर पर आज ऋषिकेश में श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में नगर निगम ऋषिकेश के महापौर शम्भू पासवान ने उपस्थित होकर अमर शहीद प्रदीप सिंह रावत जी को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शत-शत नमन किया।
इस अवसर पर महापौर शम्भू पासवान ने शहीद के बलिदान को चिरस्थायी बनाने तथा युवा पीढ़ी को उनके अदम्य साहस, शौर्य और देशभक्ति से प्रेरणा देने के उद्देश्य से महत्वपूर्ण घोषणा की। उन्होंने कहा कि स्मृति द्वार तथा अपर गंगा नगर का नाम अमर शहीद प्रदीप सिंह रावत के नाम पर किए जाने की कार्यवाही की जाएगी, ताकि आने वाली पीढ़ियां उनके महान बलिदान को सदैव स्मरण करती रहें।
महापौर ने कहा कि देश की रक्षा के लिए अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर सैनिक राष्ट्र की अमूल्य धरोहर हैं। शहीद प्रदीप सिंह रावत का त्याग और राष्ट्र के प्रति समर्पण हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत है।
श्रद्धांजलि कार्यक्रम में उपस्थित गणमान्य नागरिकों एवं क्षेत्रवासियों ने शहीद की प्रतिमा एवं चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी लोगों ने अमर शहीद प्रदीप सिंह रावत जी के बलिदान को नमन करते हुए उनके आदर्शों पर चलने और राष्ट्रहित के प्रति समर्पित रहने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. प्रेमचन्द अग्रवाल, कार्यक्रम अध्यक्ष कर्नल बलवीर सिंह कपसूड़ी, विशिष्ट अतिथि एवं महापौर नगर निगम ऋषिकेश शम्भू पासवान, यमुना प्रसाद त्रिपाठी, प्रधानाचार्य, भरत मंदिर इंटर कॉलेज, ऋषिकेश सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवम क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।




