कांग्रेसियों ने वनंतरा रिसॉर्ट के बाहर किया प्रदर्शन, पुलिस बल तैनात
कांग्रेस जनों ने रिसॉर्ट पहुंचकर अंकिता को दी श्रद्धांजली

ऋषिकेश। उत्तराखंड के बहुचर्चित अंकिता भंडारी प्रकरण को लेकर कांग्रेस ने एक बार फिर सड़क पर उतरकर विरोध दर्ज कराया। प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ता शुक्रवार को चीला बैराज मार्ग स्थित वनंतरा रिसॉर्ट पहुंचे। यहां अंकिता भंडारी को फूल अर्पित कर श्रद्धांजलि दी गई और मामले में न्याय की मांग को लेकर प्रदर्शन किया गया।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा के खिलाफ नारेबाजी की। वनंतरा रिसॉर्ट के बाहर पुलिस बल भी पूरी तरह मुस्तैद रहा। प्रदर्शनकारियों को रोकने के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच तीखी नोकझोंक भी देखने को मिली। हालांकि बाद में पुलिस और कांग्रेस नेताओं के बीच बातचीत के बाद प्रदर्शन शांतिपूर्ण तरीके से जारी रहा।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि अंकिता भंडारी प्रकरण में पीड़ित परिवार को न्याय मिलने तक पार्टी अपना संघर्ष जारी रखेगी। उन्होंने कहा कि यह मामला केवल एक परिवार का नहीं, बल्कि उत्तराखंड की बेटियों की सुरक्षा और सम्मान से जुड़ा विषय है। कांग्रेस नेताओं ने सरकार से मामले में न्याय सुनिश्चित करने की मांग दोहराई। और कहा कि उत्तराखंड का दुर्भाग्य है कि चार वर्ष पूर्ण होने पर भी आज तक उत्तराखंड की बेटी अंकिता को न्याय नहीं मिल पाया है।
प्रदर्शन में चकराता विधायक प्रीतम सिंह, पूर्व मंत्री हरक सिंह रावत, प्रदेश प्रवक्ता गरिमा दसौनी, कांग्रेस महिला प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे। पुलिस की मौजूदगी में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने श्रद्धांजलि अर्पित करने के बाद अपना विरोध दर्ज कराया।








