पौड़ी पुलिस का साइबर जागरूकता अभियान जारी
ग्रामीणों को साइबर ठगी के नए तरीको से कराया अवगत

पौड़ी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी सर्वेश पंवार के निर्देशन में जनपद में चलाए जा रहे जनजागरूकता अभियान के क्रम मे पौबों पुलिस चौकी द्वारा ग्राम रलथम, बिशल्ड में, थाना पैठणी पुलिस टीम द्वारा राजकीय महाविद्यालय मजरा महादेव में छात्र- छात्राओं को तथा चौकी पाटीसैंण द्वारा ज्वाल्पा देवी मंदिर में स्थानीय नागरिकों से संवाद कर उन्हें साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया। इस दौरान पुलिस टीम ने बैंकिंग फ्रॉड, ऑनलाइन ठगी, डिजिटल अरेस्ट, फर्जी लिंक, फेक सोशल मीडिया प्रोफाइल, साइबर ब्लैकमेलिंग, ओटीपी एवं यूपीआई धोखाधड़ी जैसे प्रचलित साइबर अपराधों के तरीकों की जानकारी देते हुए उनसे बचाव के आवश्यक उपाय बताए। पुलिस टीम ने लोगों को जागरूक किया कि किसी अनजान लिंक पर क्लिक न करें, किसी के साथ ओटीपी, यूपीआई पिन अथवा बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी साझा न करें तथा सोशल मीडिया पर किसी भी अनजान व्यक्ति पर आंख मूंदकर भरोसा न करें। साथ ही, किसी भी प्रकार की साइबर वित्तीय धोखाधड़ी होने पर तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 अथवा राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराने के लिए प्रेरित किया गया।








