पौड़ी पुलिस ने छात्रों को पढ़ाया साइबर और सड़क सुरक्षा का पाठ
नाबालिगों को वाहन ना चलाने की दी हिदायत

पौड़ी वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी सर्वेश पंवार के निर्देशों के क्रम में जनपद में संचालित साइबर जागरूकता अभियान के तहत आज दिनांक 12.10.2026 को कोटद्वार के नजीबाबाद चौक स्थित आदर्श राजकीय इंटर कॉलेज में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में सीनियर वर्ग के छात्र-छात्राओं को साइबर अपराधों से बचाव, यातायात नियमों के पालन एवं जिम्मेदार नागरिक बनने के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस टीम ने विद्यार्थियों को साइबर अपराध के विभिन्न तरीकों की जानकारी देते हुए अनजान लिंक पर क्लिक न करने तथा OTP, बैंकिंग संबंधी गोपनीय जानकारी और पासवर्ड किसी के साथ साझा न करने की अपील की। साथ ही, साइबर ठगी होने पर तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराने के संबंध में जानकारी दी गई।
सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करते हुए छात्र-छात्राओं को नाबालिग अवस्था में वाहन न चलाने, बिना वैध ड्राइविंग लाइसेंस के वाहन चलाना कानूनन प्रतिबंधित होने तथा यातायात नियमों का पालन करने के संबंध में जानकारी दी गई। इसके अतिरिक्त, सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्तियों की सहायता करने वाले Good Samaritan की भूमिका के संबंध में भी जागरूक किया गया।








