उत्तराखंडलेटेस्ट खबरें

मुख्यमंत्री की पहल से गांवों में पहुंच रहीं सरकारी योजनाएं

जयहरीखाल में सेवा संकल्प शिविर आयोजित

पौड़ी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की पहल पर संचालित सेवा संकल्प अभियान के तहत ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने और उनकी समस्याओं का स्थानीय स्तर पर समाधान करने के लिए बुधवार को विकासखंड जयहरीखाल के गवाणा बाजार में शिविर आयोजित किया गया। शिविर में ग्रामीणों की समस्याएं सुनने के साथ ही उन्हें विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई।

ब्लॉक प्रमुख रणबीर सजवाण ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की पहल पर संचालित सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को गांव-गांव तक पहुंचाने और आमजन की समस्याओं का स्थानीय स्तर पर समाधान करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस तरह के शिविरों से ग्रामीणों को विभिन्न विभागों की योजनाओं की जानकारी मिलने के साथ ही सरकारी सेवाओं का लाभ लेने में आसानी होती है। उन्होंने अधिकारियों से पात्र लोगों को योजनाओं से जोड़ने और जनसमस्याओं का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने की अपेक्षा की।

खंड विकास अधिकारी रवि सैनी ने बताया कि शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने ग्रामीणों को विभागीय योजनाओं, उनकी पात्रता और आवेदन प्रक्रिया की जानकारी दी। शिविर के माध्यम से ग्रामीणों को सरकारी सेवाएं उपलब्ध कराने और उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान करने पर विशेष जोर दिया गया। उन्होंने बताया कि शिविर में प्राप्त सभी 78 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि पात्र लोगों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाया गया। उन्होंने कहा कि 320 लोगों को विभिन्न योजनाओं की जानकारी देने के साथ 45 पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं से लाभान्वित किया गया। शिविर में 22 विभिन्न प्रमाणपत्र भी बनाए गए।

इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य पूनम नेगी, ग्राम प्रधान गवाणा नीलम देवी, तहसीलदार सतपुली जाहिद हुसैन, बाल विकास परियोजना अधिकारी महबूब खान, प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. सारंग सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी और ग्रामीण उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button