उत्तराखंडलेटेस्ट खबरें

मुख्यमंत्री ने 74वें गौचर मेले का किया शुभारंभ

गौचर मेला सांस्कृतिक पहचान का जीवंत प्रतीक : धामी

चमोली। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज चमोली जनपद के गौचर में 74वें राजकीय औद्योगिक विकास एवं सांस्कृतिक गौचर मेले का विधिवत पूजा-अर्चना और दीप प्रज्ज्वलित कर शुभारंभ किया। सात दिवसीय मेले का भव्य आयोजन किया जा रहा है। गौचर पहुंचने पर मुख्यमंत्री का बैंड की मधुर धुनों, पुष्पमालाओं एवं पारंपरिक तरीके से भव्य स्वागत और अभिनंदन किया गया।

मुख्यमंत्री ने सर्वप्रथम मेले के संस्थापक स्वर्गीय गोविन्द प्रसाद नौटियाल की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए। इस अवसर पर स्थानीय विद्यालयों की छात्राओं ने आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर कार्यक्रम में लोक संस्कृति के विविध रंग बिखेरे। जिलाधिकारी श्री गौरव कुमार ने मुख्यमंत्री को गौचर मेले का शुभंकर भेंट कर उनका स्वागत किया।

मेले का शुभारंभ करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि गौचर मेला केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि उत्तराखण्ड की ऐतिहासिक विरासत, समृद्ध व्यापारिक परंपरा और विशिष्ट सांस्कृतिक पहचान का जीवंत प्रतीक है। वर्ष 1943 में स्थानीय व्यापारियों, समाजसेवियों और तत्कालीन प्रशासन के सहयोग से भोटिया व्यापार मेले के रूप में इसकी शुरुआत हुई थी। उस समय गौचर भारत-तिब्बत व्यापार का एक महत्वपूर्ण केंद्र था, जहां ऊन, पश्मीना, जड़ी-बूटियों सहित विभिन्न स्थानीय उत्पादों का व्यापार होता था। समय के साथ इस मेले ने अपने स्वरूप का विस्तार किया और आज यह औद्योगिक एवं सांस्कृतिक मेले के रूप में प्रदेश ही नहीं, बल्कि देशभर में अपनी विशिष्ट पहचान बना चुका है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि गौचर मेला स्थानीय व्यापारियों, कारीगरों, छोटे उद्यमियों और स्वयं सहायता समूहों को अपने उत्पादों के प्रदर्शन एवं विपणन का महत्वपूर्ण मंच उपलब्ध कराता है। यह मेला प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के ‘वोकल फॉर लोकल’ के संकल्प को धरातल पर उतारने का सशक्त माध्यम है। मेले हमारी लोक संस्कृति, लोक कला और पारंपरिक विरासत को संरक्षित करने के साथ ही समाज को आपस में जोड़ने का कार्य करते हैं। पीढ़ियों से चली आ रही इन परंपराओं को सहेजना और आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाना हम सभी का साझा दायित्व है।

मुख्यमंत्री ने चमोली जनपद की महत्ता का उल्लेख करते हुए कहा कि यह भगवान बद्री विशाल की तपस्थली, मां नंदा का मायका और विश्वविख्यात चिपको आंदोलन की जन्मभूमि है। यहां की वीर भूमि ने देश की सीमाओं की रक्षा के लिए अनेक वीर सपूत दिए हैं, जिन्होंने राष्ट्र की सुरक्षा के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में सीमांत गांवों को देश के अंतिम गांव के बजाय प्रथम गांव के रूप में विकसित करने की दिशा में निरंतर कार्य किया जा रहा है। सीमांत क्षेत्रों का विकास, वहां आधारभूत सुविधाओं का विस्तार और स्थानीय लोगों के जीवन स्तर में सुधार सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार का प्रयास है कि युवाओं को अपने ही गांव और क्षेत्र में रोजगार एवं स्वरोजगार के पर्याप्त अवसर मिले। कृषि, बागवानी, पशुपालन, पर्यटन और हस्तशिल्प जैसी गतिविधियों के माध्यम से उनकी आय में वृद्धि हो, ताकि उन्हें रोजगार के लिए मजबूरी में अपने घर और गांव से पलायन न करना पड़े। इसी उद्देश्य से राज्य सरकार पर्यटन नीति, होम स्टे नीति, फिल्म नीति और सौर स्वरोजगार योजना सहित विभिन्न रोजगारपरक योजनाओं को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ा रही है।

उन्होंने कहा कि चमोली का ऊनी हस्तशिल्प, यहां की दालें, राजमा, मंडुवा, झंगोरा, शहद और जड़ी-बूटियां केवल स्थानीय बाजारों तक सीमित न रहें, बल्कि देश-दुनिया के बड़े बाजारों तक पहुंचें, इसके लिए ‘हाउस ऑफ हिमालयाज’ ब्रांड की शुरुआत की गई है। इस ब्रांड का कारोबार अब तक छह करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर चुका है। यह उपलब्धि केवल कारोबार का आंकड़ा नहीं, बल्कि प्रदेश की मातृशक्ति की मेहनत, आत्मविश्वास और आर्थिक आत्मनिर्भरता की प्रेरक कहानी है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार चमोली जनपद के सर्वांगीण विकास के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। चारधाम सड़क परियोजना के माध्यम से श्री बदरीनाथ धाम तक सड़क संपर्क को बेहतर बनाया जा रहा है। वहीं, ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना पर भी तेजी से कार्य चल रहा है। इस परियोजना के पूर्ण होने से पूरे क्षेत्र की कनेक्टिविटी, पर्यटन गतिविधियों और स्थानीय आर्थिकी को नई गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि आधारभूत सुविधाओं का विस्तार करते हुए प्रदेश के दूरस्थ एवं सीमांत क्षेत्रों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ना सरकार का संकल्प है।

इस दौरान मुख्यमंत्री ने जनप्रतिनिधियों एवं स्थानीय नागरिकों की मांगों पर भी सकारात्मक रुख अपनाया। उन्होंने सिमली अस्पताल से जुड़े विषय के समाधान के लिए शीघ्र कमेटी गठित कर सभी संबंधित पक्षों को सुनने के निर्देश देने की बात कही। साथ ही क्षेत्र में प्रेस क्लब भवन निर्माण की मांग पर स्थानीय स्तर पर उपयुक्त भूमि चयनित करने का आग्रह करते हुए इस संबंध में सकारात्मक आश्वासन दिया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार का लक्ष्य उत्तराखण्ड को देश का सर्वश्रेष्ठ राज्य बनाना है। इसके लिए विकास कार्यों को गति देने के साथ ही राज्य की सांस्कृतिक विरासत, स्थानीय परंपराओं और जनभावनाओं का संरक्षण भी सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने सभी क्षेत्रवासियों को गौचर मेले की शुभकामनाएं देते हुए मेले को सफल बनाने में सहयोग की अपील की।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पत्रकारिता एवं साहित्य के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए वरिष्ठ पत्रकार श्री ललित प्रसाद लखेड़ा को ‘गोविन्द प्रसाद नौटियाल स्मृति सम्मान-2026’ से सम्मानित किया। वहीं, वरिष्ठ लेखक एवं प्रकाशक श्री कीर्ति नवानी, बिनसर पब्लिकेशन, देहरादून को ‘पंडित महेशानन्द नौटियाल शिक्षा एवं साहित्य प्रसार सम्मान-2026’ प्रदान किया। मुख्यमंत्री ने दोनों सम्मानित व्यक्तित्वों को बधाई देते हुए पत्रकारिता, साहित्य एवं शिक्षा के क्षेत्र में उनके योगदान की सराहना की।

मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर क्षेत्र में पेयजल सुविधाओं के विस्तार एवं सुदृढ़ीकरण की दिशा में दो महत्वपूर्ण योजनाओं का लोकार्पण किया। इनमें अमृत 2.0 के तहत विधानसभा क्षेत्र कर्णप्रयाग के विकासखंड कर्णप्रयाग में ₹32.45 करोड़ की स्वीकृत लागत से निर्मित गौचर नगरीय पेयजल योजना तथा मुख्यमंत्री घोषणा के तहत विधानसभा क्षेत्र कर्णप्रयाग के विकासखंड गैरसैंण में ₹459.32 लाख की लागत से गैरसैंण नगरीय पेयजल योजना के सुदृढ़ीकरण एवं मरम्मत कार्य शामिल हैं। इन योजनाओं के माध्यम से संबंधित क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति व्यवस्था को बेहतर बनाने और स्थानीय नागरिकों को लाभ पहुंचाने में मदद मिलेगी।

कार्यक्रम में प्रभारी मंत्री चमोली भरत सिंह चौधरी, थराली विधायक भूपाल राम टम्टा, कर्णप्रयाग विधायक अनिल नौटियाल, दर्जा राज्य मंत्री हरक सिंह नेगी, बलवीर घुनियाल, रमेश गड़िया, राम चन्द्र गौड़, माधव प्रसाद सेमवाल, प्रेम सिंह राणा, चन्द्रकला तिवारी, अध्यक्ष जिला सहकारी बैंक चमोली गजेन्द्र सिंह रावत, भाजपा जिलाध्यक्ष गजपाल सिंह बर्त्वाल, नगर पालिका परिषद गौचर अध्यक्ष संदीप नेगी, ब्लॉक प्रमुख कर्णप्रयाग दीपिका मैखुरी, भाजपा महामंत्री अरुण मैठाणी, विनोद कनवासी, जिलाधिकारी गौरव कुमार, पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार, अपर जिलाधिकारी विवेक प्रकाश, उपजिलाधिकारी अलकेश नौड़ियाल सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी, पत्रकार, व्यापारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button