यूपी के सीएम योगी की माता का 91 वर्ष में निधन
मुख्यमंत्री ने सावित्री देवी के निधन पर जताया दुख

ऋषिकेश। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की माता सावित्री देवी का शुक्रवार को पौड़ी गढ़वाल जिले के उनके पैतृक गांव में निधन हो गया। पौड़ी गढ़वाल के एसएसपी सर्वेश पंवार ने उनके निधन की पुष्टि की है। एसएसपी सर्वेश पंवार ने बताया कि उनका निधन जिले के पंचूर गांव में हुआ। वहीं सीएम योगी की माता का अंतिम संस्कार शनिवार को हरिद्वार में होने की संभावना है। एसएसपी सर्वेश पंवार ने बताया कि पुलिस और जिला प्रशासन परिवार के संपर्क में हैं।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की पूज्य माताजी सावित्री देवी के निधन पर गहरा दुःख व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए शोक संतप्त परिजनों के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त की हैं।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि माँ का स्नेह, ममता और आशीर्वाद जीवन की सबसे अनमोल पूंजी होती है। माँ का निधन परिवार के लिए एक अपूरणीय क्षति है। उन्होंने कहा कि दुःख की इस घड़ी में उनकी संवेदनाएं मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ एवं उनके समस्त परिजनों के साथ हैं।
मुख्यमंत्री ने बाबा केदार से प्रार्थना की कि दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें तथा शोकाकुल परिवार को इस असीम दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें।









