सड़कों का मरम्मत कार्य निर्धारित समय पर करें पूर्ण : धामी
स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने पर दिया जोर
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सीएम आवास में सड़कों के सुधारीकरण को लेकर संबंधित अधिकारीयों के साथ समीक्षा बैठक की। इसमें अधिकारीयों से सड़क गड्ढा मुक्त अभियान के कार्यों की विस्तृत जानकारी ली।
इस दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने संबंधित अधिकारियों को सड़कों की मरम्मत के अधूरे कार्य को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण करने एवं जनता को सुगम यातायात उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। सीएम धामी ने कहा कि निर्धारित समय सीमा में सड़कों की मरम्मत के कार्य में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही उन्होंने आगामी त्योहारों के दृष्टिगत राज्य के स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा दिए जाने पर जोर दिया। सीएम ने कहा कि जल्द ही स्थानीय उत्पादों की बिक्री की समुचित व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि त्योहारों के दृष्टिगत मिलावटखोरी से बचाव के लिए सघन चेकिंग अभियान चलाया जाए। खाद्य पदार्थों की नियमित सैंपलिंग की जाए। यातायात व्यवस्था सुदृढ़ रखी जाए। यह सुनिश्चत किया जाए लोगों को आवाजाही में अनावश्यक परेशानी न हो। उन्होंने प्रदेश की जनता से आह्वान करते हुए कहा कि त्योहारों में स्थानीय उत्पादों की खरीद जरूर करें। इससे न केवल स्थानीय उद्यमियों और कारीगरों को समर्थन मिलेगा। बल्कि “वोकल फॉर लोकल“ और “आत्मनिर्भर भारत“ जैसे अभियानों को भी बल मिलेगा। इस मौके पर प्रमुख सचिव आरके सुधांशु, सचिव शैलेश बगौली, विनय शंकर पांडे, एडीजी एपी अंशुमन, उपाध्यक्ष एमडीडीए बंशीधर तिवारी मौजूद रहे।




