परमार्थ में मृतक आत्माओं की शांति के लिए किया यज्ञ
अल्मोड़ा बस दुर्घटना एक दर्दनाक हादसा : चिदानंद मुनि
ऋषिकेश। अल्मोड़ा में हुए सड़क हादसे में मारे गए लोगों की आत्मा की शांति और घायलों के स्वस्थ्य होने की कामना को लेकर परमार्थ निकेतन में यज्ञ किया गया।
परमार्थ निकेतन के अध्यक्ष स्वामी चिदानन्द सरस्वती ने कहा कि अल्मोड़ा बस दुर्घटना एक दर्दनाक हादसा है। जिसने पूरे पहाड़ को दहला दिया है। यह त्रासदी न केवल पीड़ित परिवारों के लिए, बल्कि पूरे समाज के लिए गहरा आघात है। हमारी प्रार्थनाएं और संवेदनाएं सभी प्रभावित परिवारों के साथ हैं। इस दुखद घटना में उन परिवारों ने जो खोया है, उसकी भरपाई तो नहीं हो सकती, लेकिन हम सब मिलकर अपने प्रयासों से भविष्य को सुरक्षित बना सकते हैं। इस दुर्घटना ने एक बार फिर से सड़क सुरक्षा और हमारी जिम्मेदारियों पर सोचने के लिये मजबूर कर दिया है। हमें इस प्रकार की घटनाओं को रोकने के लिए हर संभव उपाय करने होंगे। इस दौरान मृतकों की शांति की कामना की।




