पुलिस ने पाम व्यू रिजॉर्ट में मारा छापा, संचालक समेत पांच पर मुकदमा दर्ज, 38 लोग गिरफ्तार
रिजॉर्ट में अवैध रूप से संचालित की जा रही थी रेव पार्टी
ऋषिकेश। पौड़ी के लक्ष्मण झूला क्षेत्र से एक शर्मनाक मामला सामने आया है। यहां लक्ष्मण झूला क्षेत्र के मोहन चट्टी स्थित पाम व्यू रिजॉर्ट में पौड़ी पुलिस ने छापेमारी की।इस दौरान पुलिस ने रिजॉर्ट में चल रही रेव पार्टी में रिजॉर्ट मैनेजर सहित कुल 38 लोग को गिरफ्तार किया है। वहीं, पुलिस ने मौके से अवैध शराब बरामद की है।
बता दें कि मोहनचट्टी स्थित पॉम व्यू रिजॉर्ट में युवकों को रेव पार्टी करना भारी पड़ गया। पौड़ी पुलिस ने रिजॉर्ट मैनेजर, संचालक सहित पांच पर मुकदमा दर्ज किया। साथ ही 26 युवकों पर कड़ी कार्यवाही की है।
थानाध्यक्ष रवि सैनी ने बताया कि थाना लक्ष्मण झूला में सूचना प्राप्त हुयी कि पाम व्यू रिसोर्ट जोगियना, मोहन चट्टी में कुछ लोग हुडदंग मचा रहे हैं। मौके पर पहुंची पुलिस ने देखा कि रिजॉर्ट में कुछ लोग शराब पीकर फुल आवाज में डीजे बजाकर हुडदंग कर रहे है। जिनके साथ कुछ लड़कियां भी डांस कर रही थी। जिस पर होटल संचालक से रिसॉर्ट में अवैध शराब पिलाने के संबंध में पूछताछ की गई तो शराब पिलाने का लाइसेंस नहीं दिखाया गया। लाइसेंस न दिखाने पर होटल संचालकों मैनेजर सहित पांच के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया और 26 लोगों के खिलाफ चालानी कार्यवाही की गई। वही मौके पर मिली सात महिलाओं की काउंसलिंग की कार्यवाही की जा रही है।




