01 जून से शुरू होगा ऑफलाइन पंजीयन, प्रशासन ने हटाई रोक
प्रत्येक धाम में 1500 यात्री का कोटा किया निर्धारित
ऋषिकेश। चारधाम यात्रा ट्रांजिट कैंप में ऑफलाइन पंजीकरण पर 31 मई तक लगी रोक को प्रशासन ने हटा दिया है। बीते दिनों से बंद किए गए आफलाइन पंजीकरण एक जून यानी शनिवार सुबह 7 से शुरू हो रहे हैं। इसके लिए प्रशासन ने प्रत्येक धाम में 1500 यात्री का कोटा निर्धारित किया है।
शुक्रवार को ऑफलाइन पंजीकरण को लेकर विशेष कार्याधिकारी चार धाम यात्रा प्रशासन संगठन व अपर आयुक्त प्रशासन नरेंद्र सिंह क्वीरियाल ने बताया कि आयुक्त गढ़वाल मंडल के आदेश पर शनिवार एक जून से ऋषिकेश और हरिद्वार पंजीकरण केन्द्रो पर आफलाइन यानी भौतिक पंजीकरण की सुविधा उपलब्ध करा दी जाएगी। इसके लिए उत्तराखंड पर्यटन विकास परिषद की ओर से प्रत्येक धाम के लिए प्रतिदिन 1500 यात्रियों का कोटा उपलब्ध कराया जाएगा। चारों धामों पर श्रद्धालुओं की अत्यधिक भीड़ पहुंचने के कारण पिछले दो सप्ताह से आफलाइन पंजीकरण पर रोक लगा दी गई थी। बैकलाग समाप्त होने के बाद अब इस सुविधा को सुचारु किया जा रहा है।




