गुरुकुल कांगड़ी में रोबोटिक्स का जलवा, छात्रों ने तकनीकी नवाचारों से सबको किया प्रभावित
हरिद्वार। गुरुकुल कांगड़ी सम विश्वविद्यालय के अभियांत्रिकी एवं प्रौद्योगिकी संकाय में शुक्रवार को प्रथम वर्ष के इलेक्ट्रॉनिक्स एवं कम्युनिकेशन इंजीनियरिंग के छात्रों द्वारा आयोजित रोबोटिक्स वर्कशॉप एवं प्रदर्शनी ने सभी का ध्यान आकर्षित किया। प्रदर्शनी में छात्रों ने विभिन्न प्रकार के रोबोट, स्मार्ट गैजेट्स एवं तकनीकी नवाचार प्रस्तुत कर अपनी रचनात्मक क्षमता और तकनीकी दक्षता का प्रभावशाली प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम के दौरान प्रदर्शित मॉडल और उपकरण विद्यार्थियों की शोधपरक सोच, नवाचार क्षमता तथा आधुनिक तकनीकों के प्रति उनकी समझ को दर्शाते नजर आए। प्रदर्शनी का अवलोकन करने पहुंचे शिक्षकों एवं अधिकारियों ने छात्रों के प्रयासों की सराहना करते हुए इसे तकनीकी शिक्षा को व्यावहारिक स्वरूप देने वाला महत्वपूर्ण आयोजन बताया।
कार्यक्रम के संयोजक डॉ. अनुज शर्मा ने बताया कि प्रदर्शनी में प्रस्तुत रोबोट एवं गैजेट्स के निर्माण के लिए छात्रों ने पूरे सेमेस्टर के दौरान लगभग छह माह तक लगातार मेहनत की है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन विद्यार्थियों में तकनीकी कौशल, टीम वर्क, शोध क्षमता और नवाचार की भावना को विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
इलेक्ट्रॉनिक्स एवं कम्युनिकेशन इंजीनियरिंग विभागाध्यक्ष डॉ. विपुल शर्मा ने कहा कि वर्तमान समय में रोबोटिक्स आधुनिक तकनीकी शिक्षा का महत्वपूर्ण हिस्सा बन चुका है। इसी उद्देश्य से विभाग के पाठ्यक्रम में रोबोटिक्स को विशेष स्थान दिया गया है, ताकि छात्र सैद्धांतिक ज्ञान के साथ-साथ व्यावहारिक अनुभव भी प्राप्त कर सकें।
संकायाध्यक्ष प्रो. मयंक अग्रवाल ने छात्रों के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि युवाओं की कल्पनाशीलता और तकनीकी दृष्टिकोण देश के वैज्ञानिक और औद्योगिक विकास को नई दिशा देने में सक्षम है। उन्होंने विद्यार्थियों को भविष्य में भी ऐसे नवाचार आधारित कार्यों के लिए प्रेरित किया।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने आयोजन की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए सभी प्रतिभागियों और आयोजन समिति को बधाई दी। उप कुलसचिव डॉ. श्वेतांक आर्य एवं सहायक कुलसचिव डॉ. पंकज कौशिक ने कहा कि विश्वविद्यालय विद्यार्थियों के शैक्षणिक, तकनीकी एवं रचनात्मक विकास के लिए ऐसे आयोजनों को निरंतर प्रोत्साहन देता रहेगा।
इस अवसर पर डॉ. तनुज गर्ग, डॉ. संजीव लाम्बा, डॉ. लोकेश जोशी, डॉ. गजेंद्र सिंह रावत, डॉ. निशांत कुमार, डॉ. धर्मेंद्र बालियान सहित बड़ी संख्या में छात्र उपस्थित रहे।
