एसडीएम ने पटाखों की दुकानों को लेकर व्यापारियों संग की बैठक
दोबारा सहमति बनाकर लिया जाएगा निर्णय : परमार
ऋषिकेश। आगामी दीपावली पर मुख्य बाजार में पटाखों की दुकानों को लेकर एसडीएम स्मृता परमार ने स्थानीय व्यापारियों व पुलिस प्रशासन के साथ बैठक की।
इस दौरान प्रशासन ने अपना पक्ष रखते हुए कहा कि दीपावली पर्व पर बाजार में अत्यधिक भीड़ का दबाव रहता है, जिससे दमकल विभाग की गाडियों के आवागमन में अवरोध होता है, लिहाजा किसी अनहोनी से बचाव के लिए पटाखे की दुकान बाजार से बाहर किसी खुली जगह पर लगनी चाहिए। इसके लिए पुलिस और प्रशासन की ओर से श्री भरत मंदिर इंटर कॉलेज के मैदान का सुझाव दिया गया। जिस पर व्यापारियों ने एक स्वर में एतराज जताया। व्यापार मंडल अध्यक्ष ललित मोहन मिश्र ने बताया कि व्यापारी हमेशा से अपनी सुरक्षा को लेकर सतर्क रहता है तथा गाड़ियों के आवागमन के लिए काफी चौड़ा रास्ता भी रहता है। इस त्योहार के सीजन में छोटे व्यापारी की कुछ आमदनी हो जाती है। पटाखे का स्थान बाहर जाने से व्यापार बिल्कुल चौपट हो जाएगा। उपजिलाधिकारी स्मृता परमार ने कहा कि इस संबंध में सहमति बनाकर पुनः बैठक की जाएगी। जिसमें मुख्य बाजारों में पटाखे की दुकानें लगने को लेकर निर्णय लिया जाएगा। बैठक में पुलिस क्षेत्राधिकारी संदीप नेगी, तहसीलदार ऋषिकेश सुरेंद्र सिंह, कोतवाली प्रभारी निरीक्षक राजेंद्र सिंह खोलिया, वरिष्ठ उप निरीक्षक विनोद कुमार, उप निरीक्षक प्रकाश पोखरियाल, उप निरीक्षक शिवप्रसाद डबराल, उप निरीक्षक विनेश कुमार, उप निरीक्षक नवीन डंगवाल, व्यापारियों की ओर से सुभाष कोहली, भारत भूषण रावल, निर्मल सिंह, पवन शर्मा, शिवम टुटेजा सहित अन्य मौजूद रहे।




