देशधर्मलेटेस्ट खबरें

अयोध्या मामलें में पर्ची खोली तो निपटा देंगे : धीरेंद्र शास्त्री

इंडोनेसिया में कथा के दौरान तोड़ी चुप्पी

दिल्ली। अयोध्या के भव्य और दिव्य राम मंदिर के दानपात्र से हुई चोरी के मामले ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है। इस बेहद संवेदनशील मुद्दे पर अब पहली बार बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने खुलकर अपनी चुप्पी तोड़ी है।

इस समय इंडोनेशिया की राजधानी जकार्ता में धार्मिक कथा कर रहे बाबा बागेश्वर ने इस घटना पर गहरी नाराजगी और दुख व्यक्त किया है। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि यह वारदात केवल पैसों की चोरी नहीं है, बल्कि दुनिया भर के करोड़ों राम भक्तों की अटूट आस्था और विश्वास पर एक बहुत बड़ा आघात है।

कथा के दौरान बेहद भावुक अंदाज में नजर आए धीरेंद्र शास्त्री ने कहा कि इस तरह का महापाप करने वाले दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने विश्वास जताया कि भगवान श्रीराम का महादंड इन पापियों को अवश्य मिलेगा और वे दैवीय न्याय से कभी नहीं बच पाएंगे।
धीरेंद्र शास्त्री ने इतिहास और पौराणिक कथाओं का संदर्भ देते हुए इस घटना की तुलना रामायण काल से कर दी। उन्होंने कहा कि त्रेतायुग में रावण ने माता जानकी का हरण किया था, लेकिन कलयुग में राम मंदिर के दानपात्र से चोरी करने वाले इस कृत्य ने करोड़ों लोगों की श्रद्धा और अटूट विश्वास को ही लूट लिया है। उन्होंने आगे कहा कि रावण मरा नहीं है, वह आज भी हमारे बीच मौजूद है, बस समय के साथ उसका स्वरूप बदल गया है। बाबा के इस बेहद मार्मिक और तीखे बयान ने कथा पंडाल में मौजूद हजारों श्रद्धालुओं की आंखों को नम कर दिया।
घटना के बाद से ही लगातार उठ रहे सवालों पर भी धीरेंद्र शास्त्री ने बेबाकी से जवाब दिया। उन्होंने बताया कि सोशल मीडिया और मीडिया के जरिए कई लोग लगातार यह सवाल उठा रहे थे कि अयोध्या जैसे बड़े मुद्दे पर बागेश्वर धाम वाले बाबा अब तक चुप क्यों बैठे हैं। इस पर अपना दर्द बयां करते हुए शास्त्री ने कहा कि लोग कहते रहे कि बाबा चुप क्यों हैं, लेकिन हमारे दिल से पूछिए कि इस खबर को सुनकर हम पर क्या बीती है। आज का माहौल ऐसा हो चुका है कि अगर हम कुछ बोलते हैं तो भी लोग सवाल खड़े करते हैं, और अगर हम मर्यादा में रहकर चुप रहते हैं तो भी लोग उंगलियां उठाते हैं।
अपने संबोधन के दौरान धीरेंद्र शास्त्री ने अपने चिरपरिचित अंदाज में हल्के व्यंग्य और चुटकी लेते हुए एक बहुत बड़ी बात कह दी। उन्होंने कहा कि अब बहुत से लोग यह भी तंज कसेंगे कि बाबा ने इस घटना पर बयान तो दे दिया, लेकिन हमेशा की तरह अपनी ‘दिव्य पर्ची’ खोलकर चोरों और दोषियों का असली नाम क्यों नहीं उजागर किया।
इस पर एक बड़ा दावा करते हुए उन्होंने कहा कि अगर हमने आज पर्ची खोलकर सीधे नाम बता दिया, तो लोग हमें ही निपटा देंगे। आज नहीं तो कल हमारा खेल खत्म कर देंगे। यही वजह है कि कई बार गंभीर मामलों में चुप रहना ही सबसे बेहतर रास्ता लगता है, लेकिन जब हम चुप रहते हैं तब भी दुनिया चैन से जीने नहीं देती और लोग कहने लगते हैं कि बाबा तो गूंगे हो गए हैं।
धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के इस बयान के बाद सोशल मीडिया और राजनीतिक हलकों में ‘हमें निपटा देंगे’ वाली टिप्पणी को लेकर एक नई बहस छिड़ गई है। हर कोई यह जानने को उत्सुक है कि आखिर बागेश्वर बाबा को किससे खतरा है। हालांकि, अपने पूरे बयान के दौरान उन्होंने किसी भी विशेष व्यक्ति, राजनीतिक दल, संगठन या समूह का नाम नहीं लिया और न ही यह साफ किया कि उनका इशारा किस तरफ था।
आपको बता दें कि पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री इन दिनों सात समंदर पार इंडोनेशिया के जकार्ता में अपनी दिव्य रामकथा के जरिए सनातन धर्म का प्रचार कर रहे हैं। वहीं दूसरी तरफ, अयोध्या के राम मंदिर परिसर में हुई इस हाई-प्रोफाइल दानपात्र चोरी मामले की जांच देश की संबंधित सुरक्षा और जांच एजेंसियां पूरी मुस्तैदी के साथ करने में जुटी हुई हैं।

Related Articles

Back to top button