उत्तराखंडलेटेस्ट खबरेंशिक्षा

रेड फोर्ट स्कूल के एक्स छात्रों ने NEET परीक्षा में सफलता की हासिल

विद्यालय और अभिभावकों का नाम किया रोशन

ऋषिकेश। रेड फोर्ट इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल, ऋषिकेश के दो पूर्व विद्यार्थियों ने राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET) में सफलता हासिल कर विद्यालय, अपने अभिभावकों और उत्तराखंड का गौरव बढ़ाया है। इस उपलब्धि से विद्यालय परिवार में खुशी का माहौल है।

विद्यालय की पूर्व छात्रा मीनाक्षी पंवार (सत्र 2023–24) और पूर्व छात्र अक्षांश चमोली (सत्र 2024–25) ने कठिन प्रतिस्पर्धा के बीच अपनी मेहनत, अनुशासन और दृढ़ संकल्प के दम पर NEET परीक्षा उत्तीर्ण की। उनकी सफलता को विद्यालय के अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायक बताया जा रहा है। विद्यालय के चेयरमैन डॉ. शूरवीर सिंह बिष्ट ने दोनों सफल विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि पिछले वर्ष NEET परीक्षा से जुड़े विवाद और पेपर लीक जैसी परिस्थितियों के बावजूद विद्यार्थियों ने धैर्य नहीं खोया और दूसरे प्रयास में शानदार सफलता हासिल कर यह साबित कर दिया कि “कोशिश करने वालों की कभी हार नहीं होती।” उन्होंने कहा कि कठिन समय में आत्मविश्वास और निरंतर मेहनत ही सफलता की सबसे बड़ी कुंजी होती है। उन्होंने बताया कि विद्यालय जल्द ही दोनों विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों के सम्मान में एक भव्य सम्मान समारोह आयोजित करेगा, जिसमें उनकी इस उल्लेखनीय उपलब्धि का सम्मान किया जाएगा। प्रधानाचार्या तरंग बैली ने कहा कि मीनाक्षी और अक्षांश की सफलता यह संदेश देती है कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, अनुशासन और निरंतर अभ्यास से किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है। उन्होंने विश्वास जताया कि दोनों विद्यार्थी चिकित्सा क्षेत्र में उत्कृष्ट सेवाएं देकर समाज और देश का नाम रोशन करेंगे। उपप्रधानाचार्य देवेंद्र बिष्ट, अकादमिक हेड अमित गांधी, प्रशासनिक अधिकारी मनोज बिष्ट तथा समस्त शिक्षक एवं शैक्षणिक स्टाफ ने दोनों सफल विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह उपलब्धि विद्यालय की गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और विद्यार्थियों की अथक मेहनत का परिणाम है।

Related Articles

Back to top button