कोड़ियाला के पास अनियंत्रित होकर सड़क पर पलटी बस, 06 घायल
ब्रेक फेल होने के कारण बस हादसे का शिकार
ऋषिकेश। उत्तराखंड में चारधाम यात्रा अपने चरम पर है, जिसके चलते देश विदेश से भारी संख्या में श्रद्धालु चार धाम यात्रा करने पहुंच रहे हैं। ऐसे में चारधाम मार्ग पर दुर्घटनाओं की संख्या में भी तेजी के साथ बढ़ोत्तरी हो रही है।
मंगलवार को चारधाम यात्रा से लौट रही यात्रियों से भरी बस कोड़ियाला के समीप ब्रेक फेल होने के कारण सड़क पर पलट गई। गनीमत रही कि इस दुर्घटना में किसी प्रकार की जनहानी हुई है। लेकिन इस हादसे में 06 लोग घायल हुए है। सूचना प्राप्त होते ही एसडीआरएफ की टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर घायलों का रेसक्यू कर बस से बाहर निकाला। इस दौरान एसडीआरएफ ने तत्काल हादसे के घायलों को प्राथमिक उपचार देकर ऋषिकेश भिजवाया। वहीं, बाकी सभी यात्रियों को अन्य वाहन से ऋषिकेश भेजा गया। इसमें सभी यात्री तेलंगाना के वारंगल के बताए जा रहे हैं, जोकि चारधाम की यात्रा करके लौट रहे थे। घायलों की पहचान नरुला बालराज, उम्र 69 वर्ष, जयप्रदा, उम्र 71 वर्ष, गणेश, उम्र 51 वर्ष, श्रीलता, उम्र 50 वर्ष, बोरंगतीराजू, उम्र 49 वर्ष व संध्या रानी, उम्र 52 वर्ष के रूप में हुई है।




