उत्तराखंडलेटेस्ट खबरें

केदारनाथ और यमुनोत्री धाम के कपाट हुए बंद

दोनों धामों में श्रद्धालुओं का उमड़ा सैलाब

रुद्रप्रयाग/उत्तरकाशी। केदारनाथ धाम, विश्वप्रसिद्ध ग्यारहवें ज्योतिर्लिंग भगवान केदारनाथ धाम के कपाट बुधवार, 11 नवंबर को वैदिक मंत्रोच्चार और धार्मिक परंपराओं के अनुसार शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए। कपाट बंद होने के बाद बाबा केदार की पंचमुखी चल विग्रह उत्सव डोली शीतकालीन गद्दीस्थल ओंकारेश्वर मंदिर, ऊखीमठ के लिए रवाना हो गई। डोली का प्रथम रात्रि प्रवास रामपुर में होगा। अब आगामी छह माह तक श्रद्धालु ऊखीमठ स्थित ओंकारेश्वर मंदिर में बाबा केदार के दर्शन कर सकेंगे।
कपाट बंद होने के अवसर पर सुबह से ही केदारनाथ धाम में विशेष धार्मिक अनुष्ठान शुरू हो गए थे। विधि-विधान से पूजा-अर्चना और समाधि पूजा संपन्न होने के बाद सुबह छह बजे बाबा केदार के गर्भगृह के कपाट बंद किए गए। इसके बाद निर्धारित धार्मिक परंपराओं के अनुसार मंदिर के मुख्य कपाट भी शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए। इस पावन अवसर का साक्षी बनने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु धाम पहुंचे थे। बाबा केदार के जयकारों और भारतीय सेना के बैंड की मधुर धुनों से पूरा केदारनाथ धाम भक्तिमय हो उठा। कपाट बंद होने के भावुक क्षणों में श्रद्धालुओं ने बाबा के दर्शन कर अगले यात्रा वर्ष में पुनः धाम आने की कामना की।
कपाट बंद होने के बाद बाबा केदार की पंचमुखी चल विग्रह उत्सव डोली विधिवत पूजा-अर्चना के साथ शीतकालीन गद्दीस्थल ओंकारेश्वर मंदिर, ऊखीमठ के लिए रवाना हुई। डोली यात्रा के प्रथम पड़ाव रामपुर पहुंचेगी, जहां रात्रि विश्राम होगा। इसके बाद निर्धारित पड़ावों से होते हुए बाबा की डोली ऊखीमठ पहुंचेगी। ओंकारेश्वर मंदिर में अगले छह माह तक भगवान केदारनाथ की शीतकालीन पूजा-अर्चना संपन्न होगी। इस दौरान श्रद्धालु यहीं बाबा के दर्शन और पूजा-अर्चना कर सकेंगे।
उधर विश्व प्रसिद्ध यमुनोत्री धाम के कपाट आज सुबह 10 बजकर 28 मिनट पर विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ शीतकाल के लिए बंद कर दिए जाएंगे। कपाट बंद होने को लेकर मंदिर परिसर में विशेष तैयारियां की गई हैं। इस दौरान धार्मिक अनुष्ठानों और पूजा-अर्चना के बीच मां यमुना के जयकारों से पूरा धाम गुंजायमान रहेगा।
कपाट बंद होने के साथ ही मां यमुना की उत्सव डोली पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार अपने शीतकालीन प्रवास स्थल खुशीमठ खरसाली के लिए रवाना होगी। यहां स्थित मां यमुना के मंदिर में अगले छह महीने तक श्रद्धालु दर्शन और पूजा-अर्चना कर सकेंगे।
धार्मिक परंपराओं के अनुसार, शीतकाल के दौरान यमुनोत्री क्षेत्र में भारी बर्फबारी और प्रतिकूल मौसम की संभावना को देखते हुए धाम के कपाट बंद कर दिए जाते हैं। इसके बाद मां यमुना की पूजा-अर्चना शीतकालीन प्रवास स्थल खरसाली में संपन्न होती है। इस दौरान मां यमुना के दर्शन के लिए श्रद्धालु खरसाली पहुंचते हैं और विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद प्राप्त करते हैं।
कपाट बंद होने के इस पावन अवसर पर यमुनोत्री धाम में श्रद्धा और भक्ति का विशेष माहौल देखने को मिल रहा है। तीर्थ पुरोहितों, स्थानीय लोगों और देश के विभिन्न हिस्सों से पहुंचे श्रद्धालुओं की मौजूदगी में कपाट बंद होने की धार्मिक परंपरा संपन्न होगी।
यमुनोत्री धाम के कपाट बंद होने के साथ ही चारधाम यात्रा का एक और महत्वपूर्ण पड़ाव पूरा हो जाएगा। अब श्रद्धालुओं को आगामी यात्रा सीजन में मां यमुना के कपाट दोबारा खुलने का इंतजार रहेगा।

Related Articles

Back to top button