महिला की गंगा में डूबने से मौत, SDRF ने शव किया बरामद
परिवार के साथ ऋषिकेश घूमने आई थी महिला
ऋषिकेश। मुनिकीरेती थाना क्षेत्र में जानकी पुल घाट के पास नहाते समय एक महिला पैर फिसलने के कारण गंगा में डूब गई। सूचना पाकर एसडीआरएफ की टीम सर्चिंग अभियान चलाया। गहन सर्चिंग अभियान के बाद महिला का शव आवास विकास के गंगा तट से बरामद कर लिया है। एसडीआरएफ ने महिला का शव पुलिस को सपोर्ट कर एम्स ऋषिकेश पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
एसडीआरएफ के निरीक्षक कविंद्र सिंह सजवाण ने बताया कि सोमवार की सुबह करीब 8:30 बजे अपने परिवार के साथ ऋषिकेश आई एक महिला गंगा में नहा रही थी। जानकी पुल घाट पर नहाते वक्त वह पानी के तेज बहाव में बह गई। एसडीआरएफ की टीम घटनास्थल और उसके आसपास महिला को तलाश किया। जल पुलिस ऋषिकेश की टीम ने घटनास्थल से करीब 4 किलोमीटर आगे ऋषिकेश के आवास विकास कॉलोनी गली नंबर 4 के आगे गंगा से महिला का शव बरामद कर लिया गया। शव को पोस्टमार्टम के लिए एम्स ऋषिकेश भेज दिया गया है। मृतक महिला की पहचान चमेली देवी 48 वर्ष पत्नी मदनलाल निवासी नवाबगढ़ जिला बरेली उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है।




