उत्तराखंडलेटेस्ट खबरें

मुख्यमंत्री ने आपदा प्रभावित क्षेत्रों का किया दौरा, हर संभव मदद का दिया भरोसा

संबंधित अधिकारियों को दिए आवश्यक दिशा निर्देश

टिहरी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जनपद घुत्तू-पंजा-देवलिंग पहुंच कर आपदा प्रभावित क्षेत्रों में राहत व बचाव कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान सीएम ने मलेथी में आपदा प्रभावित परिवार दुर्गा देवी से मिलकर उन्हें हर संभव मदद का भरोसा दिया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि घुत्तू में अतिवृष्टि, बादल फटने से काफी नुकसान हुआ है। कई मकान और मवेशी आपदा की जद में आए हैं। उन्होंने जिला प्रशासन को आपदा प्रभावितों को तत्काल सहायता देने, क्षति का आंकलन करने और पुनर्निर्माण कार्यों को तत्काल करने के निर्देश दिए। कहा कि पुनर्निर्माण के लिए धन की कमी आड़े नहीं आएगी।

सीएम धामी ने ग्रामीणों की शिकायत पर घुत्तू हाइड्रो पॉवर से मकानों को हो रहे नुकसान को लेकर डीएम मयूर दीक्षित को परीक्षण कराने को कहा। डीएम ने बताया कि 21 अगस्त की रात अतिवृष्टि से तहसील घनसाली क्षेत्रांतर्गत घुत्तू क्षेत्र में 29 भवनों को क्षति पहुंची है, जिसमें 06 भवन पूर्ण क्षतिग्रस्त और 23 भवन आंशिक क्षतिग्रस्त हुए हैं। अभी तक लगभग 09 क्षतिग्रस्त मकानों को 10 लाख से अधिक की धनराशि दी जा चुकी है। लगभग 20 परिवारों आपदा राहत शिविरों में रखा गया है, जिनके लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही है।

उन्होंने कहा कि स्थिति सामान्य होने पर यदि कुछ गांवों के विस्थापन की जरूरत होगी तो आवश्यक कार्यवाही की जाएगी। जो किराए के घरों में जाना चाहेगा उन्हें नियमानुसार किराया दिया जाएगा। बताया कि आपदा से 17 पशु हानि हुई है। लगभग 24 पेयजल लाइनों को क्षति पहुंची है। साथ ही विद्युत लाइनों, सड़क, पुलिया आदि अन्य परिसंपत्तियों को काफी नुकसान पहुंचा है।

डीएम ने बताया कि अभी तक 450 परिवारों की कृषि क्षति का आंकलन कर लिया गया है। 03-04 गांवों का सड़क मार्ग से संपर्क कट चुका है, जिन्हें सुचारू करने की कार्यवाही गतिमान है। बताया कि आपदा से मलेथी, चंदला, गवाणा मल्ला, गवाणा तल्ला, कैलबागी, देवलंग, जोगियाणा, गंगेरी, चक्रगांव, मलेथा, रानीढांग, पंजा, मेंडू सिंधवाल, सांकरी, लोम, समणगांव, मिसवाली, भाट्गांव, अंकवाण गांव, रैतगांव, भेलुन्ता आदि में काफी नुकसान हुआ है।

इस मौके पर विधायक घनसाली शक्ति लाल शाह, एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर, एसडीएम अपूर्वा सिंह, डीएसओ मनोज डोभाल, अधिशासी अभियंता विद्युत अमित आनंद, लोनिवि घनसाली दिनेश नौटियाल, पेयजल निगम केएन सेमवाल, पीएमजीएसवाई पवन कुमार आदि मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button