जिलाध्यक्ष ने पार्किंग की समस्या को लेकर पर्यटन मंत्री को सौंपा ज्ञापन
पर्यटन मंत्री ने जल्द समस्या का समाधान करने का दिया आश्वासन
ऋषिकेश। भाजपा सांगठनिक जिला ऋषिकेश के जिलाध्यक्ष रविंद्र राणा ने पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज से मिलकर ऋषिकेश में पार्किंग संबंधी व्यवस्थाओं को लेकर ज्ञापन दिया। इस दौरान जिलाध्यक्ष ने पर्यटन मंत्री को पार्किंग की समस्याओं से अवगत कराया।
उन्होंने कहा कि ऋषिकेश तीर्थनगरी के साथ साथ योग शिक्षा का केंद्र भी है। यहां देश और विदेश से लोग योग की शिक्षा लेने तथा यहां के धार्मिक स्थलों के दर्शनार्थ अधिक से अधिक संख्या में पहुंचते हैं। लेकिन पार्किंग की उचित व्यवस्था न होने के कारण तीर्थ यात्रियों को बहुत ही परेशानी का सामना करना पड़ता है। पार्किंग की समस्या से न सिर्फ तीर्थ यात्री बल्कि आम जनता भी जूझ रही है l इसलिए ऋषिकेश शहर में एक बड़ी पार्किंग का होना अति आवश्यक है। इस संबंध में पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने जिलाध्यक्ष रविंद्र राणा को जल्द समस्याओं का समाधान करने का आश्वासन दिया।




