सूर्य किरण वेलफेयर सोसाइटी ने 20 जरूरतमंद छात्रों को बांटे धनराशि के चेक
संस्था का उद्देश्य जरूरतमंद छात्रों को शिक्षा प्रदान करना : रावत
ऋषिकेश। नगर निगम स्वर्ण जयंती सभागार में सूर्य किरण वेलफेयर सोसाइटी ने 20 जरूरतमंद छात्र-छात्राओं को शिक्षा के लिए धनराशि के चेक वितरित किए।
कार्यक्रम में सोसाइटी के अध्यक्ष डीबीपीएस रावत ने कहा कि सरकारी विद्यालयों के बच्चे पढ़ाई और खेल के क्षेत्र में बेहतरीन कार्य कर रहे हैं। जिसके चलते सोसाइटी छात्रों के निरंतर विकास के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि वह विगत तीन-चार वर्षो से इस संस्था को चला रहे हैं और लगातार जरूरतमंद बच्चों की शिक्षा के लिए मदद कर रहे हैं, इसके लिए वह सरकारी विद्यालयों में पढ़ने वाले जरूरतमंद बच्चों का चयन करते हैं, ताकि उनकी शिक्षा अधूरी ना रह जाए। साथ ही इस कार्य में उनके सहयोगियों के द्वारा भी उनका उत्साह वर्धन समय-समय पर किया जाता है। जिससे वह लगातार समाज हित में यह कार्य कर रहे हैं। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अनूप बिस्लियाल ने कहा कि सूर्य किरण वेलफेयर सोसाइटी के द्वारा यह बहुत अच्छा कार्य किया जा रहा है। जिससे समाज में एक अच्छा संदेश जा रहा है, क्योंकि शिक्षा का दान सबसे बड़ा दान है।इस मौके पर व्यापार महासंघ अध्यक्ष राजेश भट्ट, संजय चौहान, पूर्व प्रधानाचार्य हरेंद्र असवाल, निरपाल सिंह, शिवेंद्र ध्यानी, ओमप्रकाश भट्ट, गोपाल भटनागर, संजू बिष्ट और हर्षित धीमान उपस्थित थे।




