उत्तराखंडलेटेस्ट खबरें

वैदिक मंत्रोच्चार के साथ गंगोत्री धाम के कपाट बंद

हजारों लोगों ने पूजा में लिया भाग

उत्तरकाशी। अन्नकूट के पावन पर्व पर अभिजीत मुहूर्त में वैदिक मंत्रोच्चार और धार्मिक विधि विधान के साथ विश्व प्रसिद्ध गंगोत्री धाम के कपाट अपराह्न 12 बजकर 14 मिनट पर शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए हैं।

बता दें कि गंगोत्री धाम में देश-विदेश से आए हजारों श्रद्धालुओं ने माँ गंगा की उत्सव मूर्ति के निर्वाण दर्शन कर अभिषेक पूजा में भाग लिया। कपाट बंद होने के बाद हर-हर गंगे के उद्घोष के साथ मां गंगा की उत्सव मूर्ति को डोली में परम्परानुसार मुखवा गांव के लिए प्रस्थान कराया गया। तीर्थ पुरोहितों की अगवानी में डोली यात्रा लोक वाद्ययंत्रों व आर्मी बैंड के साथ रवाना हुई। डोली यात्रा आज रात्रि में चंडी देवी मंदिर मार्कण्डेय पुरी में प्रवास करेगी। रविवार को सोमेश्वर देवता की अगवानी में भैयादूज के पर्व पर मां गंगा की डोली शीतकालीन प्रवास स्थल मुखबा पहुंचेंगी। जहां पर उत्सव प्रतिमा को शीतकाल के लिए गंगा मंदिर में विराजमान किया जाएगा। शीतकाल में श्रद्धालु मुखवा स्थित गंगा मंदिर में माँ गंगा के दर्शन और पूजा-अर्चना कर सकेंगे। इस अवसर पर विधायक सुरेश चौहान, एसडीएम मुकेश चंद रमोला, मंदिर समिति अध्यक्ष धर्मानन्द सेमवाल, सचिव सुरेश सेमवाल, रावल हरीश सेमवाल समेत हजारों तीर्थयात्री मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button