देहरादून की 11 लाख आबादी को प्रतिदिन 150 एमएलडी पेयजल की होगी आपूर्ति
सीएम ने सौंग बांध पेयजल परियोजना को धरातल पर उतारने के दिए निर्देश
देहरादून। सौंग बांध पेयजल परियोजना से देहरादून शहर की लगभग 11 लाख आबादी को प्रतिदिन 150 एमएलडी पेयजल की आपूर्ति होगी, जिससे भूजल स्तर में भी सुधार होगा। साथ ही बांध के डाउन स्ट्रीम में स्थित 10 गांवों की लगभग 15 हजार आबादी की बाढ़ से सुरक्षा भी होगी।
गुरुवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सचिवालय में आयोजित बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिए कि सौंग बांध पेयजल परियोजना पर कार्य शुरू करने के लिए विस्थापन की कार्यवाही जल्द की जाए। प्रभावित परिवारों को विस्थापित किया जाना उनकी यथासंभव सहमति के आधार पर शीघ्र भूमि उपलब्ध कराई जाए। जिन परिवारों को विस्थापन किया जायेगा, उनके लिए सभी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। प्रभावित परिवारों से बातचीत कर सहमति के आधार पर सामुदायिक भवन, मंदिर, संड़क एवं अन्य कोई निर्माण करने की आवश्यकता पूर्ण करें। इसके साथ जमरानी बांध परियोजना पर कार्यों में और तेजी लाने के भी मुख्यमंत्री ने निर्देश दिये। बैठक में मुख्य सचिव राधा रतूड़ी, सचिव शैलेश बगोली, विनय शंकर पांडेय, एसएन पांडेय, डॉ. आर. राजेश कुमार, प्रमुख वन संरक्षक डॉ. धनंजय मोहन, अपर सचिव रणवीर सिंह चौहान, ललित मोहन रयाल, सिंचाई विभाग के चीफ इंजीनियर जयपाल सिंह आदि मौजूद रहे।




